आगरालीक्स…कोरोना जैसे कठिन काल में भी मां बच्चों के लिए होती है सबसे बड़ी सुरक्षा. आगरा में बच्चों ने मनाया मदर्स डे…किसी ने कविता लिखी तो किसी ने ग्रीटिंग कार्ड में
प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में 7 मई को ऑनलाइन कोलाज प्रतियोगिता एवं दिनांक 8 मई 2021 को मदर्स डे का आयोजन किया गया. मातृ दिवस पर एक विशेष कार्यक्रम ऑनलाइन जूम प्लेटफार्म पर आयोजित किया गया। आज जब पूरे देश पर कोरोना संक्रमण का संकट बना हुआ है, तब इस संकट की परिस्थिति में एक माँ किस तरह मुकाबला करने के लिए अपने बच्चे को तैयार करती है, कैसे कठिन वक्त में तन कर खड़े होने का हौसला देती है, कैसे अपने हुनर और कौशल से अपने परिवार, समाज और देश को उबारने में अपना योगदान करना सिखाती है। माँ का जीवन त्याग ,प्रेम और बलिदान से भरा होता है। माँ अपने बच्चों से निस्वार्थ प्रेम करती है। माँ के इसी त्याग और बलिदान को याद करने तथा मातृत्व को समर्पित मई माह का दूसरा रविवार मदर्स डेके रूप में मनाया जाता है। इस मातृ दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। सभी विद्यार्थियों ने अपनी- अपनी माताओं के लिए अपने हाथों से ग्रीटिंग कार्ड बनाए एवं उन ग्रीटिंग कार्ड के माध्यम से अपनी प्रेम भावनाओं की अभिव्यक्ति की। छात्रों ने कविता की सुंदर प्रस्तुति , मनमोहक गीत तथा मन भावन नृत्य के माध्यम से अपनी माँ को मातृ दिवस की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों की माताओं ने भी अपने बच्चों के साथ नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति से कार्यक्रम की शोभा को संवर्धित किया।

वहीं कोलाज प्रतियोगिता का आयोजन दो वर्गों (कनिष्ठ वर्ग कक्षा 6से 8 तथा वरिष्ठ वर्ग कक्षा 9 से 12 तक) में किया गया । जिनका विषय क्रमशः ‘एनवायरमेंटल अवेयरनेस’ तथा ‘डिजिटल इंडिया’ था। इस कार्यक्रम में 80 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने घर में रहकर ,घर में उपलब्ध सामग्री से ही बहुत सुन्दर-सुन्दर कोलाज पेन्टिग उत्साह पूर्वक बनाई । इस प्रतियोगिता में बच्चों के साथ उनके माता-पिता ने भी सहयोग किया। विद्यालय के निदेशक डा. सुशील गुप्ता, श्याम बंसल एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती याचना चावला ने बच्चों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने और आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के निदेशकगण डॉ सुशील गुप्ता जी एवं श्याम बंसल ने इस कार्यक्रम में उपस्थित रहकर सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने एक माँ की भूमिका एवं उनके अतुलनीय कार्यों की सराहना की। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती याचना चावला ने भी इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएँ देते हुए समस्त विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि मातृ ऋण से हम कभी भी उऋण नहीं हो सकते।
कार्यक्रम की प्रभारी श्रीमती सोनू पोद्दार ने समस्त माताओं के त्याग एवं बलिदान के लिए उनको नमन किया। दोनों कार्यक्रम के सफल संचालन में समस्त कक्षाध्यापकों एवं विद्यालय की सी.सी.ए. कोऑर्डिनेटर श्रीमती अर्पणा सक्सेना का विशेष योगदान रहा।