आगरालीक्स…आगरा में मूक—बधिर बच्चों में सुनने की क्षमता वृद्धि के लिए विशेषज्ञ करेंगे मंथन. देशभर से आएंगे ईएनटी विशेषज्ञ. आधुनिक चिकित्सा तकनीकी एवं उपचार पद्धतियों पर करेंगे चर्चा
मूक-बधिर बच्चों में सुनने की क्षमता वृद्धि के लिए किए जा रहे आधुनिक शोध और उपचार पर मंथन करने के लिए सीजीकॉन 2026, 23वीं राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन फतेहाबाद रोड स्थित होटल जेपी पैलेस एंड कन्वेंशन सेंटर में गुरुवार से किया जा रहा है। राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में देश और विदेश से आए विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। इस संदर्भ में जानकारी देने के लिए आयोजन समिति द्वारा पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। आयोजन अध्यक्ष डॉ. राजीव पचौरी, सचिव मीनाक्षी वढेरा और कोषाध्यक्ष डॉ. गौरव खंडेलवाल ने बताया कि चार दिवसीय सीजीकॉन 2026, 23वीं राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन होटल जेपी पैलेस एंड कन्वेंशन सेंटर में किया जा रहा है। देश और विदेश से आए वरिष्ठ ईएनटी विशेषज्ञ इस राष्ट्रीय कांफ्रेंस में आधुनिक चिकित्सा तकनीकी, नवीनतम सर्जिकल प्रक्रियाओं एवं उपचार पद्धतियों पर अपने विचार एवं अनुभव साझा करेंगे।
आयोजन अध्यक्ष डॉ राजीव पचौरी ने बताया कि राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के पहले दिन गुरुवार को विशेष लाइव सर्जिकल टिम्पानो-टेंपोरल बोन डिसेक्शन एवं सर्जिकल डेमोंस्ट्रेशन कान की सर्जरी के क्षेत्र में डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों के प्रशिक्षण के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण और व्यावहारिक कार्यशाला हुई। यह कान, नाक और गला सर्जनों के प्रशिक्षण की एक महत्वपूर्ण और बुनियादी प्रक्रिया है। इसका मुख्य उद्देश्य मानव खोपड़ी के सबसे जटिल हिस्सों टेम्पोरल बोन और मध्य कान की त्रि-आयामी शारीरिक संरचना को समझना और विभिन्न सर्जिकल तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास करना है। 4 से 6 सितंबर तक विशेषज्ञ व्याख्यान एवं पैनल सत्रों का आयोजन किया जाएगा, देश और विदेश से आए 600 से अधिक वरिष्ठ ईएनटी विशेषज्ञ आधुनिक चिकित्सा तकनीकी एवं उपचार पद्धतियों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कॉक्लियर इंप्लांट की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। कॉक्लियर इंप्लांट सुनने की क्षमता वृद्धि में वरदान साबित हो रहा है। कॉक्लियर इंप्लांट एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक चिकित्सा उपकरण है, जो गंभीर रूप से बहरे या कम सुनने वाले लोगों को सुनने की क्षमता प्रदान करता है।
विशेष सत्रों में विशेषज्ञ रखेंगे विचार
आयोजन अध्यक्ष डॉ राजीव पचौरी ने बताया कि राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में आयोजित विशेष सत्रों में देश विदेश से आए विशेषज्ञों में डॉ. माइकल ग्लुथ यूके, डॉ. स्वेतलाना बर्नोस यूएसए, प्रो. हेलेन कलिंगटन यूएसए, प्रो. एमवी कीर्तने मुंबई, प्रो. मोहन कामेश्वरन चेन्नई, प्रो. जेएम हंस दिल्ली सहित अन्य विशेषज्ञ अपने विचारों को साझा करेंगे।
बच्चे भी करेंगे सहभागिता
सचिव मीनाक्षी वढेरा ने बताया कि राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में सुनने की क्षमता वृद्धि से संबंधित जिन बच्चों की सर्जरी हो चुकी है। इन बच्चों की भी सहभागिता रहेगी। वह अपने अनुभवों को साझा करेंगे, जिससे कम सुनने की समस्या से ग्रसित अन्य बच्चों को लाभ मिल सके।
पांच को होगा उद्घाटन
आयोजन कोषाध्यक्ष गौरव खंडेलवाल के अनुसार राष्ट्रीय कांफ्रेंस का उद्घाटन 5 सितंबर को केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल द्वारा किया जाएगा। इस दौरान कई अन्य गणमान्य एवं प्रबुद्ध जन मौजूद रहेंगे।