आगरालीक्स… आगरा के डॉ भीमराव आंबेडकर विवि में राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के आरोप लगाते हुए छात्र गुट भिड गए, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआइ) के बीच मारपीट हुई, सीसीटीवी में भी यह कैद हो गया है। दोनों छात्र गुटों ने थाना हरीपर्वत में तहरीर दी है।
आइएसएस में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की बुधवार शाम को गोष्ठी थी। एसएफआइ के कार्यकर्ता गौरव, मनोज गौतम, शांत सिंह उर्फ मयंक व एक अन्य पालीवाल पार्क परिसर के आईएसएस में पर्चे वितरित कर रहे थे, एबीवीपी कार्यकर्ता भी पहुंच गए। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एसएफआइ कार्यकर्ताओं के पर्चे वितरित करने का विरोध किया। अरोप लगाया कि एसएफआइ कार्यकर्ता राष्ट्रविरोधी गतिविधि कर रहे हैं। इस पर दोनों पक्षों में तनातनी हो गई।
एक दूसरे पर लगाए आरोप
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एसएफआइ कार्यकर्ताओं से भारत माता की जय बोलने के लिए कहा, एसएफआइ कार्यकर्ताओं का कहना है कि हमें भारत माता की जय बोलने से परहेज नहीं था लेकिन अभाविप कार्यकर्ताओं ने र मारपीट शुरू कर दी। उन्हें जान बचाने के लिए भागना पड़ा।100 नंबर पर फोन कर पुलिस को बुलाया। पुलिस ने घटना की सीसीटीवी फुटेज देखी और उन्हें रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने ले गई। इंस्पेक्टर महेश चंद गौतम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मारपीट करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है।