यूपीलीक्स…सीएम योगी ने कहा—ईद-उल-फित्र का त्योहार खुशी और मेल-मिलाप का संदेश लेकर आता है. अक्षय तृतीया तथा परशुराम जयंती की भी दी बधाई. सड़क मार्ग, यातायात बाधित कर धार्मिक आयोजन न करने के भी आदेश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लोगों से कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत सभी सावधानियां बरतते हुए अक्षय तृतीया तथा परशुराम जयन्ती के अनुष्ठान सम्पन्न करने की अपील की है. साथ ही ईद की भी बधाई देते हुए कहा है कि ईद-उल-फित्र का त्योहार खुशी और मेल-मिलाप का संदेश लेकर आता है. यह पर्व अमन-चैन और सौहार्द का संदेश देता है. उन्होंने कहा कि ईद के पर्व पर सभी को सद्भाव तथा सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए. इसके अलावा उन्होंने लोगों से कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत सभी सावधानियां बरतते हुए ईद-उल-फित्र मनाने की अपील की है.

उन्होंने कहा कि कल 03 मई को परशुराम जयंती, अक्षय तृतीया और ईद का पर्व है. इसके दृष्टिगत पुलिस/प्रशासन अतिरिक्त संवेदनशील रहें. धार्मिक कार्यक्रम, पूजा-पाठ आदि निर्धारित स्थान पर ही हों. यह सुनिश्चित करें कि सड़क मार्ग, यातायात बाधित कर कोई धार्मिक आयोजन न हो. मुख्यमंत्री ने कहा है कि सनातन संस्कृति में अक्षय तृतीया को अत्यन्त पुण्यदायी तिथि माना गया है. इसी तिथि को भगवान परशुराम की जयंती भी मनायी जाती है. समाज में धर्म एवं न्याय की स्थापना में महर्षि परशुराम का अतुलनीय योगदान है. धर्म और न्याय के मार्ग का अनुसरण करके ही लोक कल्याण एवं लोक मंगल का संकल्प पूरा किया जा सकता है.