आगरालीक्स….कुकिंग गैस की कीमतों ने तोड़ा रिकार्ड. सोमवार को 25 रुपये बढ़े, एक महीने में 125 रुपये बढ़ गए दाम…आगरा में सिलेंडर अब इतने में मिलेगा
सोमवार को 25 रुपये बढ़े दाम
कुकिंग गैस की कीमतों में हो रही बेतहाशा वृद्धि ने गरीब तबके के साथ आम आदमी की कमर तोड़ दी है। आज से कुकिंग गैस की कीमतें फिर बढ़ा दी दी गयी हैं। आज एक मार्च को कीमतों में 25 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि की गयी है। अब आगरा में घरेलू कुकिंग गैस का सिलेंडर आज से 832 रुपये में मिलेगा। एक महीने पहले यानी एक फरवरी को आगरा में घरेलू कुकिंग गैस का सिलेंडर 707 रुपये का था जो आज एक मार्च को 832 रुपये का हो गया है। एक महीने या यूं कहिए केवल 29 दिनों के अंदर एक सिलेंडर पर रिकार्ड 125 रुपये की वृद्धि की गयी है।
एक महीने में चार बार बढ़े दाम
फरवरी माह में घरेलू कुकिंग गैस की कीमतों में चार बार वृद्धि की गयी। एक फरवरी को जिस दिन देश का आम बजट आया उस दिन घरेलू कुकिंग गैस के सिलेंडर की कीमत 707 रुपये थी। बजट के दो दिन बाद ही कीमतों में 25 रुपये की वृद्धि कर दी गयी। 4 जनवरी की सुबह ये दाम बढ़कर 732 रुपये हो गये। ग्यारह दिन बाद ही फिर वृद्धि कर दी गयी। इस बार अधिकतम 50 रुपये बढ़ाये गये। 15 फरवरी को सिलेंडर 782 रुपये का हो गया। दस दिन बाद ही सिलेंडर की कीमतें एक फिर बढ़ा दी गयीं। इस तरह आगरा में 25 फरवरी को घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 807 रुपये हो गये।
महंगाई से आम आदमी की हालत खराब
महीने भर में इस तरह की वृद्धि से आम आदमी हलकान हो उठा है। तेल कंपनिया महीने की पहली तारीख को सिलेंडर की कीमत तय करती हैं। उम्मीद थी कि एक मार्च को कीमतों में कमी की जायेगी लेकिन तेल कंपनियों ने सभी को निराश करते हुए 25 रुपये की और वृद्धि कर दी। कुकिंग गैस कीमतों में इस तरह हो रही वृद्धि से गृहणियों की रसोई का बजट बिगड़ गया है।