आगरालीक्स…(16 January 2022 Agra News) आगरा में फैल रहा कोरोना गले तक ही मार कर रहा है, गले के नीचे संक्रमण नहीं जा रहा है। लेकिन कोरोना से गले के साथ पेट भी खराब हो रहा है। जानें क्या हैं लक्षण।
आगरा में कोरोना के केस कई गुना बढ़ गए हैं, पिछले कुछ दिनों से नए केस लगातार बढ़ रहे हैं। आगरा में कोरोना के 3699 केस हैं। 24 घंटे में कोरोना के 425 केस मिले हैं और सक्रिय केस लगातार बढ़ रहे हैं। मगर, कोरोना के नए मरीजों में अधिकांश होम आइसोलेशन में ही इलाज करा रहे हैं।
गले तक मार कर रहा कोरोना संक्रमण
कोरोना की तीसरी लहर में केस अधिक मिल रहे हैं, एक मरीज से पांच से आठ मरीज संक्रमित हो रहे हैं। मगर, इन सभी में सामान्य लक्षण ही मिल रहे हैं। कोरोना के नए मरीजों में गले में खराश, छींक आना, हल्का बुखार और शरीर में टूटन की समस्या मिल रही है। यह सामान्य दवाओं से ठीक हो रहा है।

पेट हो रहा खराब, कमजोरी हो रही महसूस
आरआरटी टीम प्रभारी डॉ. नंदन सिंह ने बताया कि कोरोना के नए मरीजों में पेट खराब होने की समस्या अधिक देखने को मिल रही है। इसके साथ ही कमजोरी महसूस हो रही है, भूख नहीं लग रही है लेकिन लंग्स में कोई समस्या नहीं है।
दवाएं लें, पानी पीएं और भाप लें
चिकित्सकों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना संक्रमित मरीजों को पैरासीटामोल, एजिथ्रोमाइसिन, आइरवमेक्टिव, विटामिन डी और सी की टैबलेट दी जा रही है। इसे लें और भाप लें, इससे ठीक हो जाएंगे।