आगरालीक्स…आगरा में चीन से लौटे एग्जीक्यूटिव के कोरोना पॉजिटिव मिलने से खलबली, पत्नी, बेटे सहित कॉलोनी में रह रहे 37 लोगों के सैंपल लिए। जांच में जुटी टीमें।
शाहगंज क्षेत्र की एक पॉश कॉलोनी में रहने वाले 40 साल के युवक चीन में एक कंपनी में एग्जीक्यूटिव हैं, वे 2020 के बाद से आगरा नहीं आए थे। दो साल बाद वे चीन से अपने घर लौटे। 22 दिसंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद टैक्सी से आगरा आए। यहां उन्होंने 23 दिसंबर को निजी पैथोलाजी लैब में कोरोना की जांच कराई। कोरोना की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें सतर्क हो गईं।

पत्नी, बेटे सहित 37 के लिए सैंपल
स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोना संक्रमित मरीज के घर पहुंची। उनके परिवार में पत्नी और बेटा है, उन दोनों की जांच करने के बाद सैंपल लिए गए। दो दिन में उनके संपर्क में आए अपार्टमेंट में रह रहे 37 लोगों को चिन्हित किया गया, इन सभी के सैंपल लिए गए हैं।
जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए सैंपल
चीन में ओमिक्रॉन बीएफ .7 वैरिएंट से संक्रमण फैल रहा है, चीन से लौटे एग्जीक्यूटिव किस वैरिएंट से संक्रमित हुए हैं। इसके लिए उनके भी सैंपल लिए गए हैं, वैरिएंट का पता लगाने के लिए सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए केजीएमयू भेजे गए हैं।
विदेशी पर्यटकों के लिए सैंपल
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ताजमहल के पूर्वी और पश्चिम गेट के साथ ही रेलवे स्टेशन पर विदेशियों के सैंपल लिए। इसका ब्योरा भी दर्ज किया गया है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि बाहर से आने वाले लोगों के सैंपल लिए जाएंगे। घबराएं नहीं मास्क पहनें और बचाव करें।