नईदिल्लीलीक्स…देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि जारी है। बीते 24 घंटों में हालांकि इन आंकड़ों में 13 फीसदी की कमी आई है लेकिन अब भी 40 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमित मामले हर रोज सामने आ रहे हैं। बीते 24 घंटों में 199 कोरोना मरीजों की मौत हुई।
कई राज्यों में स्थिति चिंताजनक
महाराष्ट्र, पंजाब, गुजरात, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु की स्थिति चिंताजनक है। नये मामले 81 फीसदी इन्हीं राज्यों में ही मिले हैं। इस बीच टीकाकरण अभियान भी जोरों से जारी है। अब तक 4.84 करोड़ से ज्यादा लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
महाराष्ट्र और पंजाब में सर्वाधिक मौतें
पिछले 24 घंटों में जो 199 मरीजों की मौत हुई है, उनमें पंजाब और महाराष्ट्र के 58-58 मरीजों की मौत हुई है। केरल औऱ छत्तीसगढ़ में 12-12 मौतें हुई हैं, जबकि तमिलनाडु और कर्नाटक में 10-10 मरीजों की मौत हुई है।
करीब पांच करोड़ ने लगवाया टीका
देश में कोरोना से बचाव को टीकाकरण का अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। अब तक 4,84,94,594 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। कल 22 मार्च की शाम तक 19,65,635 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।