नईदिल्लीलीक्स… देश में कोरोना का प्रकोप फिर बढ़ने लगा है। यूपी के सात शहरों में सतर्कता बरतते हुए फेस मास्क पहनना फिर जरूरी हो गया है।
देश में कोरोना एक बार फिर से डराने लगा है। संक्रमित मरीजों और मृतकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी सोमवार के आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना के 2,183 मामले सामने आए हैं।

मौतों की संख्या में इजाफा होने से चिंता
इस दौरान 214 लोगों की मौत हो गई जो कि देश के लोगों के लिए चिंता का विषय है। हालांकि, 1,985 लोग डिस्चार्ज भी हुए। देश में सक्रिय मरीज की संख्या की बात करें तो यह 11, 542 हो गई है। महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक कुल 5,21,965 लोगों की मौत हुई है। वहीं इस दौरान कुल 4,25,10,773 लोग स्वस्थ भी हुए।
यूपी के इन शहरों में फेसमास्क जरूरी
इस बीच यूपी में कोरोना के मामलों को देखते हुए राजधानी लखनऊ समेत सात शहरों में सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। इसमें शामिल जिलों में लखनऊ, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर और बागपत शामिल हैं।
आगरा में 10 साल की बच्ची सहित पांच नए केस मिले
सोमवार को आगरा में कोरोना के पांच नए केस मिले हैं। अब आगरा में कोरोना के सात एक्टिव केस हो गए हैं। कमला नगर में 10 साल की बच्ची, कमला नगर की ही एक छात्रा और तीन विदेशी महिला पर्यटकों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके बाद से स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है।