आगरालीक्स…देश में रिकॉर्ड एक लाख से अधिक कोरोना संक्रमित मिले..पिछले साल के सारे रिकॉर्ड टूटे. एक साथ 50 हजार एक्टिव केस बढ़े.
अब तक के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त
देश में कोरोना की रफ्तार ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. रिकॉर्ड ऐसा भी जो कि पिछले साल भी नहीं था. रविवार को देशभर में कोरोना के रिकॉर्ड एक लाख तीन हजार से अधिक संक्रमित मिले हैं. यही नहीं देश में एक साथ 50 हजार एक्टिव केस एक दिन में बढ़े हैं. सबसे ज्यादा हालत महाराष्ट्र की खराब है. यहां पर पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 57 हजार से अधिक केस मिले हैं. उत्तर प्रदेश में भी रिकॉर्ड 4 हजार से अधिक संक्रमित मिले हैं.
लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
महाराष्ट्र में रिकॉर्ड कोरोना संक्रमित मिलने के कारण सरकार द्वारा पूरे राज्य में रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक किसी के भी बाहर निकलने पर पाबंदी है जबकि शनिवार और रविवार को पूर्ण लॉकडाउन लगाया जा रहा है. बॉलीवुड कलाकारों का भी संक्रमित मिलना जारी है. रविवार को अक्षय कुमार, गोविंदा और उदित नारायण के बेटे आदित्यनारायण भी कोरोना संक्रमित मिले हैं. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यूपी में गाइडलाइंस जारी
यूपी में पिछले 24 घंटे में 4 हजार से अधिक संक्रमित मिलने पर सरकार द्वारा नई गाइडलाइंस जारी कर दी गई हैं. इसके तहत एक केस मिलने पर आसपास के 20 घर जबकि एक से अधिक कोरोना केस मिलने पर आसपास के 60 घरों को सील कर दिया जाएगा. इसके अलावा मल्टीस्टोरीज बिल्डिंग के किसी तल में कोरोना केस मिलने पर उस तल को कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा तो वहीं एक से अधिक केस मिलने पर पूरी मल्टी स्टोरीज बिल्डिंग कंटेनमेंट जोन हो जाएगी.