नईदिल्लीलीक्स.. देश में कोरोना का कहर थम नहीं रहा है। बीते 24 घंटों में देशभर में 39,726 नए कोरोना संक्रमितों का पता चला है। इस अवधि में 154 मरीजों की मौत हो गई है।
संक्रमितों का आंकड़ा 1,15,14, 311 हो गया है। अब देश में 2,71,282 कोरोना के सक्रिय मरीज हैं। अब तक देश में 3, 93,39, 817 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
महाराष्ट्र में हालात ज्यादा गंभीर
कोरोना के सर्वाधिक मामले महाराष्ट्र से आए हैं। बीते 24 घंटों में महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के 25, 833 नए केस दर्ज किए गए हैं। सितंबर के बाद का यह सबसे बड़ा आंकडा है। अकेले मुंबई में ही 2877 नए मामले दर्ज किए गए हैं।
गुजरात के कई शहरों में रात्रि कर्फ्यू
गुजरात में भी कोरोना वायरस के केस बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटों में राज्य में 12,76 नए संक्रमित प्रकाश में आए हैं। राज्य के अहमदाबाद और सूरत में रात्रि कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसके तहत रात्रि नौ बजे से सुबह छह बजे तक मार्केट और मॉल बंद रहेंगे।
दिल्ली में भी बढ़े कोरोना संक्रमित
दिल्ली में छह जनवरी के बाद सर्वाधिक मामले बीते 24 घंटों में दर्ज किए गए हैं। हालांकि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है कि पहले कि तुलना में केस काफी कम हैं। उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं। उन्होंने लोगों से कोरोना गाइड लाइन का पालन करने की अपील की है।