आगरालीक्स…वृंदावन में रात के एक बजे झाड़ियों में रोती नवजात बच्ची के लिए ‘भगवान’ बनकर पहुंचे पति—पत्नी. प्रेमानंद महाराज के दर्शन को जाना था लेकिन बच्ची को लेकर पहुंचे अस्पताल…
वृंदावन के परिक्रमा मार्ग से बराह घाट जाने वाले रास्ते में रात को एक बजे एक नवजात बच्ची झाड़ियों में पड़ी हुई थी. बच्ची का नाल भी नहीं कटा था लेकिन बच्ची के लिए शायद ‘भगवान’ बनकर एक पति—पत्नी वहां पहुंच गए. दोनों पति—पत्नी प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन के लिए जा रहे थे लेकिन बच्ची को गलनभरी सर्दी में देखकर उन्होंने शॉल से उसे ढका और जिला संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंच गए. यहां डॉक्टरों ने नवजात की नाल काटी और चिकित्सीय देखभाल के लिए अस्पताल में रख दिया.
मथुरा के अशोका सिटी में अनंत सिंह रहते हैं. बुधवार देर रात को वह पत्नी प्राची के साथ प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने यहां आए थे. रात करीब एक बजे केलीकुंज आश्रम के पास खड़े थे कि इसी दौरान शोर मचा कि किसी बच्ची के रोने की आवाज आ रही है. बच्ची के रोने की आवाज सुनकर प्राची और अनंत सिंह देखने के लिए गए. बच्ची झाड़ियों में एक कपड़े में लिपटी पड़ी हुई थी. अनंत और प्राची ने जैसे ही देखा तो उन्होंने गलनभरी सर्दी से बचाने के लिए बच्ची को शॉल से ढका और उसे लेकर जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंच गए और देखभाल के लिए अस्पताल में रख लिया. बच्ची का इलाज चल रहा है और वह डॉक्टरों की देखरेख में है.