आगरालीक्स…दर्दनाक..पड़ोसी से थप्पड़ का बदला लेने और उसे जेल भेजने के लिए अपने ही 7 साल के बेटे को मार डाला. पुलिस का सनसनीखेज खुलासा…
मैनपुरी के करहल में पुलिस ने 7 वर्षीय बच्चे की हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है. इस सात साल के बच्चे की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही पिता ने की थी और वो भी सिर्फ इस बात के लिए कि मृतक बच्चे के पिता को पड़ोसी ने थप्पड़ मार दिया था और वह अपना अपमान का बदला पड़ोसी से लेना चाहता था और उसे जेल भिजवाने के लिए आरोपी ने अपने ही मासूम बेटे की हत्या कर डाली. पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है और उसे जेल भेज दिया है.
ये है पूरा मामला
मामला मैनपुरी के करहल के गांव गढ़िया खजुरारा का है. यहां असमुद्दीन रहता है. असमुद्दीन अपने पड़ोसी अभिषेक उर्फ पिंटू के साथ प्लंबर का काम करता था. बताया जाता है कि दोनों के बीच रुपयों को लेकर कुछ विवाद हो गया था जिसमें अभिषेक ने असमुद्दीन को थप्पड़ मार दिया. इस घटना के बाद 24 फरवरी को असमुद्दीन का सात साल का बेटा शहनवाज गायब हो गया था. अगले दिन बच्चे का शव गांव में ही एक सरसों के खेत में पड़ा मिला. उसकी गला घोंट कर हत्या की गई थी. इस मामले में असमुद्दीन ने अभिषेक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया.

पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी लेकिन हत्या का कोई ठोस सबूत अभिषेक के खिलाफ नहीं मिल रहा था. अब 8 महीने बाद पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया. पुलिस को सात साल के बच्चे की हत्या में उसके ही पिता असमुद्दीन के खिलाफ ठोस सबूत मिले. जब उससे पूछताछ की गई तो उसने इस मामले में चौंकाने वाली बात बताई. असमुद्दीन ने बताया कि वह अपने पड़ोसी अभिषेक से बदला लेना चाहता था क्योंकि उसने उसे थप्पड़ मारा था. इसके लिए उसने अपने ही सात साल के बेटे की गला घोंट कर हत्या कर दी और शव को सरसों के खेत में छुपाने के बाद गुमशुदगी दर्ज कराई और अभिषेक पर हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया. पुलिस ने आरोपी पिता को अरेस्ट कर उसे जेल भेज दिया है.