आगरालीक्स…आगरा के टीचर की मैनपुरी में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या. स्कूल से लौटते समय बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली…पुलिस जांच में जुटी
मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र में एक शिक्षक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की गई है. शिक्षक घटना के समय स्कूल से वापस लौट रहे थे और पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने अजीतगंज पेट्रोल पंप के पास उन्हें गोली मार दी. पेट में गोली लगने से वह लहूलुहान होकर गिर गए. बदमाश मौके से भाग निकले. सूचना पर पहुंची पुलिस घायल शिक्षक को अस्पताल लेकर गई लेकिन यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना पर मृतकों के परिजन भी पहुंच गए. इधर घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्यारों की तलाश कर रही है.
मृतक शिक्षक का नाम 52 वर्षीय यशपाल सिंह निवासी गांव गुड़ा बहरामपुर थाना एत्मादपुर आगरा है. उनकी तैनाती भोगांव के गांव उस्मानपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में थी. यशपाल सिंह सोमवार की दोपहर करीब ढाई बजे स्कूल से वापस घर लौट रहे थे. करीब तीन बजे एलाऊ क्षेत्र में गांव अजीतगंज पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी. बताया जाता है कि बाइक पर तीन बदमाश थे. घटना से हड़कंप मच गया. पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.