आगरालीक्स…फिरोजाबाद में सरेराह बाइक सवार दंपत्ति को बदमाशों ने लूटा. तमंचे के बल पर जेवरात और कैश लूटे…
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में बदमाशों ने सरेराह बाइक सवार दंपत्ति के साथ लूट की वारदात को अंजाम दे दिया. बदमाश दंपत्ति से तमंचे के बल पर कैश और ज्वेलरी लूट ले गए. सूचना पर पुलिस और एसओजी की टीम पहुंच गई. पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए दो टीमों का गठन किया है.
नारखी क्षेत्र में हुई घटना
मामला थाना नारखी क्षेत्र का है. अवागढ़ के नयाबांस निवासी अश्वनी कुमार अपनी पत्नी शशि के साथ जसराना के गांव मुस्तपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर मंगलवार दोपहर को बाइक से घर लौट रहे थे. नारखीके गांव कायथा रोड स्थित बंबा पुलिया के पास अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनको रोक लिया. बदमाश अश्वनी और उसकी पत्नी से सोने की चार अंगूठी, सोने का पैंडल, दस हजार कैश और अन्य सामान लूट कर ले गए. जानकारी होने पर अन्य लोग वहां जुट गए और उन्होंने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी.

सूचना पर थाना नारखी और एसओजी पहुंच गई. घटनास्थल का निरीक्षण कर दंपत्ति से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन उनका पता नहीं चला. दो टीमों का गठन किया गया है और बदमाशों की तलाश कीजा रही है.