आगरालीक्स(05th August 2021 Agra News)… आगरा में सपा ने साइकिल यात्रा शुरू कर दी है। शिकोहाबाद में साइकिल यात्रा के दौरान हंगामा…।
आगरा में सपा नेताओं ने की नारेबाजी
आगरा में सपा ने बिजलीघर से साइकिल यात्रा की शुरुआत की। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन ने यात्रा काे रवाना किया। महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार के नेतृत्व में कार्यकर्ता जोशीले नारे लगा रहे थे। रामजीलाल सुमन ने कहा कि महंगाई चरम पर है। इस सरकार में व्यापारी सुरक्षित नहीं है। आम आदमी परेशान है। कार्यकर्ता एमजी रोड होते हुए शहीद स्मारक पहुंचे। एत्मादपुर में पूर्व विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में साइकिल यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। यात्रा मुड़ी चौराहे से तहसील पहुंची।
शिकोहाबाद में हंगामा
सपा की साइकिल यात्रा के दौरान शिकोहाबाद में जमकर हंगामा हुआ। सुबह स्टेशन रोड पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। तभी पुलिस और प्रशासन के अधिकारी फोर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने यात्रा को रोकने को कहा। इसको लेकर हंगामा हुआ। आरोप है कि लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष जब साइकिल से चले तो पुलिस ने थाने के सामने ही गिरा दिया। इसको लेकर कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। इसी बीच साइकिल यात्रा बाजार में पहुंच गई। पुलिस कार्यकर्ताओं को रोकने में विफल रही।
सपा एमएलसी पहुंचने की सूचना पर पहुंची फोर्स
एमएलसी डॉ. दिलीप यादव के पहुंचने की जानकारी पर अधिकारी अरौज पुलिया पर पहुंच गए। वहां गाड़ियों का काफिला रोक दिया। एमएलसी की गाड़ी देखी गई तो पता लगा कि इसमें एमएलसी नहीं थे। इस दौरान हाईवे पर जाम लग गया। एसडीएम देवेंद्र सिंह का कहना है कि बिना अनुमति के यात्रा निकालने पर रोका गया। सपा नेताओं पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सिरसागंज में सपा जिलाध्यक्ष दुर्ग पाल सिंह यादव के नेतृत्व में यात्रा को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन सपाई नहीं रुके।