आगरालीक्स …आगरा में सडक पर बंधी भैंस और गाय को पकड कर पहुंची नगर निगम की टीम पर हमला, सहायक नगर आयुक्त और कर्मचारियों को दौडा दौडा कर पीटा, इसमें सहायक नगर आयुक्त सहित पांच घायल हैं।
आगरा में हाईकोर्ट के निर्देश पर नगर निगम को शहर से डेयरियों को बाहर शिफ्ट करना है। इसके लिए शनिवार को सहायक नगर आयुक्त अनुपम शुक्ला, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश शर्मा अन्य कर्मचारियों व पुलिसकर्मियों के साथ आवास विकास कालोनी के सेक्टर-16ए पहुंचे। टीम को दो जगह जानवर बंधे मिले। उन्हें जब्त कर लिया गया। इसके बाद आगे बढ़े तो सड़क किनारे कुछ गाय बंधी थी। टीम उन्हें भी गाड़ी में लादने लगी। तभी लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। पहले कुछ युवक आए। पीछे से महिलाएं भी आ गईं। नगर निगम की टीम पर पथराव शुरू कर दिया। महिलाओं के हाथ में लाठी डंडे भी थे। सहायक नगर आयुक्त अनुपम शुक्ला के हाथ में चोटें आईं। उन्हें बचाने आए नगर निगम कर्मचारी संजय, सरन, मोनू व एक अन्य को भी चोटें आईं हैं। आरोप है कि भीड़ ने उनके तीन मोबाइल छीन कर भी तोड़ दिए। एक वाहन का शीशा भी तोड़ा गया। टीम ने इस दौरान 100 नंबर पर फोन किया। चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ को हटाया गया। टीम को थाना सिकंदरा ले जाया गया। इसके बाद अधिकारी सहित सभी घायलों को जिला अस्पताल में मेडिकल कराया है। 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
निगम की टीम पर आरोप
क्षेत्रीय लोगों ने नगर निगम की टीम पर गलत तरह से कार्रवाई करने और मारपीट कर घायल करने के आरोप लगाए हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि सिर्फ दो ही गायें बंधी थी। किसी भी तरह का कारोबार नहीं हो रहा था। जो गायें घायल हो जाती हैं, उन्हें चारा दिया जाता है। यहां से उन्हें पीपुल फॉर एनीमल संस्था को दिया जाता है। निगम की टीम जबरन उन्हें ले जा रही थी। उन्हें रोका तो निगम कर्मचारियों ने राजीव कुमार और प्रदीप के साथ मारपीट कर दी। राजीव गंभीर घायल है। निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस कारण भीड़ उग्र हुई।