आगरालीक्स… आगरा की दीवानी में यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश सिंह की हत्या का राज एक तीन मिनट का आडियो खोलेगा, यह कहना है इंस्पेक्टर सतीश यादव का। वे दरवेश सिंह की हत्या के समय दीवानी में थे, उनका कहना है कि आरोपी मनीष शर्मा ने अप्रैल में ही कह दिया था कि वह दरवेश सिंह को जिंदा नहीं छोडेगा।
यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष चुने जाने के बाद 12 जून को दरवेश सिंह आगरा के दीवानी पहुंची, यहां उनका स्वागत हुआ। वे वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद मिश्रा के चेंबर में बैठी हुईं थी। आरोप है कि उनके साथ कई सालों से काम कर रहे अधिवक्ता मनीष शर्मा पहुंचे, उन्होंने दरवेश सिंह को चार गोली मारी, उनकी हत्या करने के बाद मनीष शर्मा के भी गोली लगी। मनीष शर्मा की हालत नाजुक है और मेदातां गुरुग्राम में इलाज चल रहा है।
इंस्पेक्टर सतीश यादव ने कहा सार्वजनिक करेंगे तीन मिनट का आडियो
पुलिस छानबीन में सामने आया था कि चेंबर में आठ लोग थे, इसमें से एक इंस्पेक्टर मैनपुरी सतीश यादव भी बताए जा रहे थे, बताया जा रहा था कि सतीश यादव को देखने के बाद मनीष शर्मा को गुस्सा आया और गोली चला दी। इस मामले में पुलिस ने इंस्पेक्टर सतीश यादव को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस दिया था। वे गुरुवार शाम को थाना न्यू आगरा पहुंचे, उन्होंने पुलिस से कहा कि वे घटना के समय चेंबर में मौजूद नहीं था, पूछताछ में बताया कि वे दरवेश सिंह को सात साल से जानते थे। मनीष शर्मा से कुछ दिन पहले ही परिचय हुआ था। इस मामले में पुलिस चार चश्मदीदों के बयान दर्ज कर चुकी है। अभी हत्याकांड के कारण का पता नहीं चल सकता है।
उधर, इंस्पेक्टर सतीश यादव का कहना है कि मनीष शर्मा नहीं चाहता था कि दरवेश सिंह बार काउंसिल की अध्यक्ष बने। दरवेश सिंह ने मनीष से पैसे मांगे थे, इसे लेकर विवाद बढता गया। उन्होंने कहा कि उनके पास एक तीन मिनट का आडियो है, इस आडियो से साफ हो जाएगा कि मनीष ने दरवेश सिंह की हत्या क्यों की, वे इस आडियो को शनिवार को दरवेश सिंह के शांति पाठ के बाद सार्वजनिक करेंगे।
सीबीआई जांच की मांग
सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दाखिल हुई है, जिसमें उत्तर प्रदेश बार काउंसिल अध्यक्ष दरवेश सिंह की हत्या की सीबीआइ से जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही याचिका में पूरे देश की अदालतों में महिला वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। कोर्ट इस याचिका पर मंगलवार को सुनवाई करेगा। यह याचिका वकील इंदू कौल ने दाखिल की है।