आगरालीक्स…आगरा के दयालबाग हादसे की आंखों देखी: पीले गुब्बारों को देख मुस्कुरा रहे थे पांच साल का रेयांश और ढाई साल का अर्जुन. फिर विचलित करने वाला हादसा…
शनिवार को सुबह से ही आगरा के दयालबाग में वसंत का खुमार छाया हुआ था. सुबह से ही गैस के पीले गुब्बारों से बाजार सजा हुआ था. दयालबाग की खूबसूरती को देखने के लिए सुबह से ही लोगों की यहां पर चहलकदमी लगी हुई थी. सुबह से दोपहर और फिर शाम हो गई, दयालबाग में लोगों की संख्या बढ़ती रही. फैमिलीज अपने बच्चों को लेकर बाजार में घूमने के लिए भी निकलीं. यहां पांच साल का रेयांश और ढाई साल का अर्जुन भी अपनी मां सुदामा के साथ आए हुए थे. गैस के पीले रंग के गुब्बारों को देखकर उनका भी मन खुश हुआ और गुब्बारे लेने के लिए जिद की. शाम करीब छह बजे दयालबाग पोस्ट आफिस के पास खड़े एक गुब्बारे बेचने वाले के पास तीनों गए. यहां पर 22 साल की पूजा मिश्रा भी उसी समय गुजर रही थी. तभी अचानक जोर का धमाका होता है. आवाज इतनी तेज थी कि उसकी गूंज नगला हवेली तक सुनी गई. इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते…नजारा देखकर विचलित हो जाते हैं.
विस्फोट होने के बाद यहां अफरातफरी मच गई. गुब्बारे वाले का गैस सिलेंडर फटा था. पास में ही महिला सुदामा, गुब्बारे बेचने वाला मुरारी और युवती पूजा मिश्रा बुरी तरह से घायल पड़े हुए थे. गुब्बारे वाले का रेयांश और अर्जुन को मामूली चोट थीं. इसके अलावा दो लोग और हल्की इसकी चपेट में आए हैं. मौके पर तुरंत लोग दौड़ पड़े और घायलों को संभालने का प्रयास करने लगे. भगदड़ और चीख पुकार की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई और सभी घायलों को अस्पताल में भेजा गया.
ये हुए घायल
गुब्बारा बेचने वाला मुरारी लाल पुत्र प्रबल निवासी राहुल नगर बोदला
सुदामा पत्नी अजीत निवासी बिचपुरी
पूजा मिश्रा पुत्री परमात्मा कुमार
रेयांश
अर्जुन
दो अन्य
इनमें पूजा मिश्रा और सुदामा की हालत गंभीर बताई गई है.