आगरालीक्स…. आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के आवासीय संस्थानों के सम सेमेस्टर की परीक्षा आज से शुरू हो रही हैं लेकिन अभी तक छात्रों के परीक्षा फार्म नहीं भरे गए हैं।

विश्वविद्यालय के आवासीय संस्थानों की सेमेस्टर परीक्षा गुरुवार से शुरू हो जाएंगी। परीक्षा में आवासीय संस्थानों के साथ-साथ संबद्ध महाविद्यालयों के वह छात्र भी शामिल होंगे, जिनके पाठ्यक्रम आवासीय संस्थानों से समान है। परीक्षा संस्थान और पाठ्यक्रम के अनुसार अलग-अलग तिथियों पर शुरू होंगी। गुरुवार और शुक्रवार को छोड़कर अन्य सभी परीक्षाएं अगस्त के पहले सप्ताह में शुरू होनी हैं। मगर एक बार फिर से विश्वविद्यालय परीक्षा की तैयारियों में फेल हो गया है। सेमेस्टर परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्रों के फॉर्म अभी तक नहीं भरे जा सके हैं। यह वह छात्र हैं जिनका परीक्षा कार्यक्रम जारी हो चुका है। विवि में परीक्षा की तैयारियों की स्थिति यह है कि कई पाठ्यक्रम के तो अभी तक लॉगइन तक नहीं खोले गए हैं। इस स्थिति में फॉर्म भरना संभव ही नहीं हो पा रहा है। बुधवार को कॉलेज से लेकर आवासीय संस्थान तक फॉर्म भरने की प्रक्रिया में उलझे हुए थे। गुरुवार से पीजीडीबीएम सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा शुरू होंगी। शुक्रवार से बीएससी वोकेशनल, बीकॉम वोकेशनल, बीकॉम एमएमआईटी और एमएससी इलेक्ट्रोनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन की परीक्षा शुरू होंगी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश के अनुसार परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया चल रही है। परीक्षा आवासीय संस्थानों में ही होनी हैं, ऐसे में कोई समस्या नहीं है। जहां समस्याएं थी उन्हें दूर करा लिया गया है।