आगरालीक्स…देखें वीडियो, आगरा के दिल्ली गेट पर पुरानी चाय की दुकानें ध्वस्त. चाय पीने वालों का लगता था जमघट, जाम से जूझ रहा है दिल्ली गेट

आगरा नगर निगम का बुल्डोजर आज गुरुवार को दिल्ली गेट पर गरजा. गुरुवार को दिल्ली गेट स्थित चाय की दुकानों सहित तीन दुकानों को जेसीबी ने ध्वस्त कर दिया. इसके साथ ही कई दुकानों के टीनशेड भी ढहा दिए. सड़क किनारे रखा दुकानदारों का सामान भी नगर निगम ने जब्त कर लिया. आगरा का दिल्ली गेट इस समय जाम के झाम से जूझ रहा है. सीएम ग्रिड योजना के तहत यहां चल रहे सड़क निर्माण के कारण दिल्ली गेट चौराहे से हरीपर्वत की ओर जाने वाली लेन पूरी तरह से बंद की हुई हे. लोगों की सहूलियत के लिए इस समय केवल हरीपर्वत से दिल्ली गेट आने वाली लेन ही चालू है. ऐसे में यहां हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है. इसके अलावा इसी लेन पर चाय की दुकानें सहित पान और बाइक रिपेयरिंग की दुकानें हैं. चाय पीने के शौकीनों का यहां जमघट हमेशा लगा रहता है. उनकी गाड़ियां रोड पर ही खड़ी रहती हैं. ऐसे में जाम और ज्यादा विकराल हो जाता है.
दुकानदारों में मचा हड़कंप
गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे हरीपर्वत दिल्ली गेट पर नगर निगम की टीम पहुंची. नगर निगम की टीम के बुलडोजर को देखते ही दुकानदारों ने अपना सामान हटाना शुरू कर दिया यहां दिल्ली गेट पर तीन अवैध दुकानें बनी थीं. नगर निगम का बुलडोजर सबसे पहले इन्हीं दुकानों पर चला. तीनों दुकानें जमीदोंज कर दी गईं. इनमें दो चाय और एक पान की दुकान थीं.
एक दिन पहले लगाया था लाल निशान
नगर निगम की ओर से एक दिन पहले ही इन दुकानों पर लाल निशान लगाया गया था. आज अतिक्रमण हटा दिया गया. पिछले दिनों डीएम ने भी दिल्ली गेट पर लग रहे जाम और सीएम ग्रिड योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की थी. जिसमें कार्य की प्रगति काफी धीमी मिली थी. इस पर डीएम ने न सिर्फ संबंधित ठेकेदार बल्कि अधिकारियों को भी फटकार लगाई थी.
120 साल पुरानी है चाय की दुकान
आगरा के दिल्ली गेट पर चाय की दुकान 120 वर्ष से अधिक पुरानी है. चार पीढ़ियों से यहां दुकानें संचालित की जा रही हैं. पुरानी चाय की दुकान को चारों भाइयों ने आपस में बांट रखा है.
