आगरालीक्स…आगरा का दिल्ली गेट चौराहा, दोपहर हो या शाम, हर समय लगता है जाम. सड़कों पर खड़े रहते हैं वाहन. चाय पीने के शौकीनों की भी लगी रहती है सड़क पर भीड़
आगरा का दिल्ली गेट चौराहा, यहां हर समय लगभग जाम की स्थिति बनी ही रहती है. दोपहर हो या फिर शाम हर समय यहां जाम ही जाम मिलता है. दिल्ली गेट की मशहूर चाय पीने के शौकीनों के कारण भी यहां जाम की स्थिति बनी रहती है. गाड़ियां सड़क पर खड़ी रहती हैं और निकलने तक के लिए जगह नहीं होती है.
दिल्ली गेट पर जाम की स्थिति हरीपर्वत चौराहे से लेकर मदिया कटरा चौराहे तक और बाबू गुलाब राय मार्ग तक तक रहती है. दोपहर में स्कूलों के छुट्टी के समय भी यहां विकट जाम की स्थिति पैदा हो जाती है. पुष्पांजलि, सरकार हॉस्पिटल और रवि जैसे बड़े हॉस्पिटल्स यहां हैं. इसे अलावा कई डॉक्टर्स के क्लीनिक भी यहां संचालित हैं, ऐसे में यहां मरीजों, तीमारदारों व एंबुलेंस का आना भी हर समय लगा रहता है लेकिन जाम के कारण इन लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
सड़कों पर खड़ी होती है गाड़ियां
अगर देखा जाए तो यहां जाम का सबसे बड़ा कारण है सड़कों पर खड़ी गाड़ियां. चार पहिया वाहन तक यहां सड़क के दोनों ओर खड़े हो जाते हैं जिसके कारण अन्य वाहनों के निकलने के लिए रास्ता कम हो जाता है और दोनों तरफ के वाहनों के फंसने पर कुछ ही देर में जाम पैदा हो जाता है.
चाय पीने के शौकीनों के कारण भी है जाम
दिल्ली गेट पर कई मशहूर चाय विक्रेता हैं जिनके पास चाय पीने के लिए लोगों की भीड़ लगी रहती है. खासकर शाम के समय तो यहां सड़कों के दोनों ओर लोग अपने दोपहिया व चारपहिया वाहनों को खड़ा करके चाय पीते हैं. कई—कई बार तो चौकी के पुलिसकर्मियों को यहां जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ जाती है.