आगरालीक्स…आगरा की ओर से गोवर्धन के गुरु कार्ष्णि आश्रम में सजेगा भक्ति और आस्था का दिव्य दरबार, 18 दिसंबर को आगरा में निकलेगी भव्य आमंत्रण यात्रा
गिरिराज जी महाराज की भक्ति, छप्पन भोग की दिव्यता और श्रद्धा के अनूठे संगम का साक्षी बनेगा गोवर्धन का गुरु कार्ष्णि आश्रम। यहां श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार द्वारा 27 एवं 28 दिसंबर को आयोजित होने वाले दिव्य छप्पन भोग महोत्सव की सफलता और भव्य आयोजन के लिए श्री गिरिराज जी महाराज के चरणों में अरदास अर्पित की गई। प्रभु के प्रति अटूट आस्था और सेवा भाव के साथ संस्था के सदस्यों ने महोत्सव को निर्विघ्न संपन्न कराने तथा सभी भक्तों पर प्रभु की कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
आयोजकों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गोवर्धन स्थित गुरु कार्ष्णि आश्रम में दिव्य छप्पन भोग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं को आयोजन से जोड़ने और प्रभु का आमंत्रण घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से 18 दिसंबर को आगरा में भव्य आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद विभिन्न धार्मिक एवं भक्तिमय आयोजनों की श्रृंखला में मेहंदी उत्सव भी शामिल रहेगा।
कि इस बार छप्पन भोग महोत्सव को और भी भव्य स्वरूप प्रदान करने की योजना है, ताकि श्रद्धालु अधिक उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजन में सहभागी बन सकें। महोत्सव का उद्देश्य केवल धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करना ही नहीं, बल्कि समाज में भक्ति, सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना भी है। श्री गिरिराज जी महाराज की कृपा से यह आयोजन भक्तों के लिए आध्यात्मिक आनंद और प्रभु के प्रति समर्पण का विशेष अवसर बनेगा। संस्था धर्म, सेवा और जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने के संकल्प के साथ धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज को भक्ति और सकारात्मकता से जोड़ने का प्रयास कर रही है।