आगरालीक्स… आगरा में भाजपा विधायक के बेटे को अरेस्ट करने के लिए नगर निगम और जल संस्थान में कर्मचारियों ने काम ठप कर दिया है। कोठी मीना बाजार से होर्डिंग हटाने पर नगर निगम के जूनियर इंजीनियर अमित कुमार से पफतेहपुर सीकरी से भाजपा विधायक उदयभान सिंह के बेटे देवेंद्र सिंह पर मारपीट के आरोप लगे हैं। इस मामले में थाना लोहामंडी में मुकदमा दर्ज है।
शुक्रवार को नगर निगम और उसके बाद जल संस्थान के कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। कर्मचारी नगर निगम में बैठक कर रहे हैं, उन्होंने मांग की है कि भाजपा विधायक के बेटे देवेंद्र सिंह को अरेस्ट किया जाए, उसे अरेस्ट नहीं किया जाता है तो कर्मचारी काम नहीं करेंगे।
यह है मामला
आगरा में 22 फरवरी को भाजपा विधायक के प्रतिष्ठान के होर्डिंग को हटाने पर नगर निगम की टीम से मारपीट, जूनियर इंजीनियर ने भाजपा विधायक के बेटे पर मारपीट का आरोप लगाया, थाना लोहामंडी में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आगरा में चौराहे से 50 मीटर क्षेत्र में लगे होर्डिंग को हटाया जा रहा है, इसके साथ ही अवैध होर्डिंग और अतिक्रमण ध्वस्त करने के लिए अभियान चल रहा है। गुरुवार को नगर निगम की टीम कोठी मीना बाजार के बाहर लगे होर्डिंग को हटाने के लिए पहुंची, टीम ने कोठी मीना बाजार के बाहर लगे कई होर्डिंग हटा दिया, यहां शांति स्वीटस का होर्डिंग भी लगा हुआ था। यह होर्डिंग भाजपा विधायक चौधरी उदयभान सिंह के मिष्ठान प्रतिष्ठान का है।
भाजपा विधायक के बेटे पर मारपीट का आरोप
निगम के अवर अभियंता (ट्रैफिक) अमित कुमार का आरोप है कि वे होर्डिंग हटा रहे थे तभी भाजपा विधायक चौधरी उदयभान सिंह के बेटे देवेन्द्र सिंह अपने साथियों के साथ पहुंचे और काम रुकवा दिया। जब उन्हें होर्टकोर्ट के आदेश के बारे में बताया तो वे अभद्रता पर उतर आए। टीम ने इसका विरोध किया तो उनके साथ व अन्य स्टाफ के साथ मारपीट व गालीगलौज की गई। आरोप है कि विधायक के पुत्र उन्हें काफी दूर तक खींचते हुए भी ले गए। वह भाजपा विधायक चौधरी उदयभान के पुत्र देवेंद्र सिंह है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जेई का हुआ मेडिकल
भाजपा विधायक चौधरी उदयभान सिंह के बेटे देवेंद्र सिंह पर मारपीट का आरोप लगाने के बाद जेई द्वारा थाना लोहामंडी में तहरीर दी। पुलिस ने जेई का मेडिकल कराया है, जेई के चोट आईं हैं। चमन सिंह चाबड़ा, सीओ, लोहामंडी का कहना है कि पीड़ित जेई की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में जांच शुरू करवाई जा रही है। एके सिंह, अधिशासी अभियंता (ट्रैफिक), नगर निगम। का कहना है कि जेई के साथ मारपीट की गई है, ऐसे हालात में काम करना मुश्किल होगा। एफआईआर दर्ज करवा दी गई है।
क्या बोले मेयर नवीन जैन
मेयर नवीन जैन का कहना है कि कोर्ट के निर्देशों का अनुपालन करने के लिए मेरे द्वारा निगम अफसरों को कहा गया था, जिस पर लगातार अभियान चल रहा है। नियमानुसार होर्डिंग हटाए जा रहे हैं। जेई के साथ मारपीट की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी अपने स्तर से जांच करवाएंगे।
विधायक चौधरी उदयभान सिंह का कहना है कि साजिशन मेरे परिवार का नाम लिया जा रहा है, जहां विवाद हुआ, वहां मेरा बेटा नहीं था।