आगरालीक्स… महाशिवरात्रि पर आगरा शिवमय नजर आया। भोलेनाथ के जयकारों के साथ शिवालयों में जलाभिषेक किया गया। कांवर और जेहर चढ़ाई गईं। बाबा के अभिषेक, भजन-कीर्तन समेत विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कैलाश मंदिर पर श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

कैलाश मंदिर पर बुधवार की शाम से ही रुद्राभिषेक के बाद चारों प्रहर की आरती और अभिषेक के कार्यक्रम हुए। कैलाश महादेव मंदिर के महंतश्री गौरव गिरी ने बताया कि सुबह चार बजे कैलाश मंदिर में बाबा के पट खोलते ही भक्त जलाभिषेक, कांवर और जेहर चढ़ाने के लिए उमड़ पड़े।
यह सिलसिला दोपहर बाद तक चल रहा था। शाम को भजन संध्या, कीर्तन, रात में चारों प्रहर की आरती समेत विविध धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला रातभर चलेगा। शुक्रवार सुबह खप्पर भरा जाएगा। इसके बाद होली खेली जाएगी।
आगरा के मंदिरों पर बम भोले की गूंज
इसके अलावा नगर के प्रमुख बल्केश्वर महादेव मंदिर, पृथ्वी नाथ महादेव मंदिर, राजेश्वर महादेव मंदिर, श्रीमनः कामेश्वर महादेव मंदिर, रावली महादेव मंदिर. धंधेश्वर महादेव मंदिर मैनागेट पथवारी, मंदिर श्री रामेश्वरनाथ जी मंसादेवी गोकुपुरा पर भी सुबह से ही भक्तों का जलाभिषेक के लिए तांता लग गया। विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जेहर और कांवड़ चढ़ाने की धूम
शिवालयों में आज सुबह से ही नवविवाहिता महिालओं द्वार बैंड-बाजे के साथ जेहर चढ़ाई गईं। महिला सिर पर जेहर (घड़ा) लेकर निकली और उसके पीछे महिलाएं भजन करती हुई मंदिर पर पहुंची और बाबा भोलेनाथ को जेहर चढ़ाकर मनोकामना की पूर्ति की आराधना की गई। कावंड भी चढ़ाई गई।
भोलेनाथ की शोभायात्रा निकाली

कई स्थानों पर बाबा भोलेनाथ की शोभायात्रा निकाली गई। मैनागेट पथवारी स्थित धंधेश्वर महादेव मंदिर पर भगवान भोलेनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।