आगरालीक्स….(23 July 2021 Agra News) आगरा में सावन के सोमवारों पर शिव मंदिरों में दर्शन नहीं कर पाएंगे श्रद्धालु. न मेले लगेंगे और न लगेगी परिक्रमा. नई गाइडलाइंस जारी
25 जुलाई से शुरू हो रहा सावन माह
शिव आराधना का पवित्र माह सावन 25 जुलाई से शुरू हो रहा है लेकिन कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए पिछली बार की तरह इस बार भी शिव भक्त शिवालयों में दर्शन नहीं कर पाएंगे. इसको लेकर नई गाइडलाइंस जारी कर दी गई हैं. प्रतिबंधों के बीच ही सावन मास की शुरुआत होगी. शहर के पौराणिक व मुख्य शिव मंदिरों में घंटे बजाने से लेकर प्रसाद चढ़ाने तक पर प्रतिबंध रहेगा. चारों सोमवारों को लगने वाले मेले भी पिछली बार की तरह इस बार नहीं लगेंगे. वहीं दूसरे सोमवार को लगने वाली ऐतिहासिक शिव परिक्रमा इस बार भी नहीं लगेगी. मंदिरों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी. मंदिर प्रबंधन और उपासक इस दौरान कोरोना गाइडलाइंस का पालन कराएंगे.
शहर के चारों कोनों पर शिवालय
आगरा में सावन माह का खासा महत्व है. शहर के चारों कोनों पर शिवजी बिराजे हुए हैं. इनमें राजपुर चुंगी में राजेश्वर महादेव तो शाहगंज में पृथ्वीनाथ महादेव हैं. बल्केश्वर में जहां बिल्वकेश्वर महादेव हैं तो वहीं सिकंदरा पर कैलाश महादेव हैं. इन चारों ही मंदिरों पर सावन के सोमवारों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगती है. वही शहर के मध्य स्थित मनकामेश्वर महादेव मंदिर और रावली महादेव पर भी सावन के हर सोमवार को श्रद्धालुओं का सैलाब सुबह से ही उमड़ना शुरू हो जाता है.
न मेले लगेंगे न परिक्रमा होगी
इधर कोरोना की तीसरी संभावित लहर को देखते हुए पिछली बार की तरह इस बार भी मेले नहीं लगेंगे. बता दें कि सावन के पहले सोमवार को राजेश्वर महादेव मंदिर, दूसरे पर बल्केश्वर महादेव मंदिर, तीसरे पर कैलाश महादेव और चौथे सोमवार को पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पर ऐतिहासिक मेला आयोजित किया जाता है. सावन के दूसरे सोमवार को तो आगरा के चारों शिवालयों की ऐतिहासिक परिक्रमा लगाई जाती रही है. इस परिक्रमा को लगाने के लिए आसपास के जिलों से भी हजारों की संख्या में लोग आते रहे हैं लेकिन इस बार मेलों की तरह परिक्रमा भी आयोजित नहीं की जाएगी.
गाइडलाइंस का कराएंगे पालन
इस संबंध में मनकामेश्वर महादेव मंदिर के महंत योगेशपुरी, कैलाश महादेव मंदिर के महंत गौरव गिरि, बल्केश्वर महादेव मंदिर के महंत सुनील नागर व पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर के महंत अजय राजौरिया ने बताया कि चारों सोमवारों पर कोरोना गाइडलाइंस का पूरी तरह से पालन कराया जाएगा. प्रमुख शिवालयों के आनलाइन दर्शन की व्यवस्था की जाएगी. प्रशासन के निर्देशों के अनुसार ही पूजा-अर्चना होगी. श्रद्धालु अपने घरों पर अथवा घर के समीप मंदिरों में पूजा-अर्चना कर सकते हैं.