आगरालीक्स…दीपावली पर इस बार लड़कों में ट्रेडिशनल कुर्ता—पायजामा का क्रेज तो लड़कियों को भा रहे लहंगा और साड़ियां…
दीपोत्सव को लेकर इस समय बाजारों में जमकर खरीदारी की जा रही है. खासकर कपड़ों की खरीदारी करने के लिए लोग परिवार के साथ निकल रहे हैं. शहर के पुराने बाजार हों या फिर एमजी रोड स्थित शोरूम, हर जगह कपड़ों की खरीदारी के लिए जमकर भीड़ पहुंच रही है. कल का संडे तो मार्केट में हाउसफुल रहा. आज भी बाजारों में चहलकदमी अच्छी खासी देखी जा रही है. शाम के समय और अधिक भीड़ हो जाती है.
इधर दीपोत्सव पर्व के लिए कपड़ा दुकानदारों ने दुकानों और गोदामों में वैरायटी के साथ भंडारण कर लिया है. कपड़ा बाजार के दुकानदारों का कहना है कि करवा चौथ के बाद से बाजार में चहल-पहल बढ़ी है. दिवाली पर अच्छे कारोबार की उम्मीद लगी हुई है. लड़कों को जहां ट्रेडिशनल कुर्ता पायजामा और शेरवानी पसंद आ रही है तो वहीं लड़कियों को लहंगा और साड़ियों की डिमांड सबसे अधिक है. छोटी लड़कियों के लिए भी एक से बढ़कर एक वैरायटी उपलब्ध है. दिवाली के बाद से शुरू होने वाले सहालग को देखते हुए भी दुकानदारों ने दुकानों और गोदामों में वैरायटी के साथ कपड़ों का भंडारण किया है. ग्राहक जैसी वैरायटी की मांग कर रहे हैं उसी के अनुसार दुकानदार माल मंगा रहे हैं. जरदोजी की साड़ी, प्रिंटिड और बॉर्डर वाली बनारसी साड़ी के साथ ही सिल्क की साड़ी जहां महिलाओं की पहली पसंद है. वहीं कुर्ता और जींस, शेरवानी, कट शेरवानी, पठानी सूट युवाओं की पसंद बने हैं. युवतियों को लैगी कुर्ता ज्यादा भा रहे हैं.