आगरालीक्स….(अंकुर पंडित)…आगरा के डॉ भीमराव अंबेडकर विवि के दीक्षांत समारोह की तैयारी बुधवार को दिनभर चलती रहीं। राज्यपाल के दौरे को लेकर अधिकारियों में काफी बेचैनी देखी गई। हालांकि दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के हाथों सम्मानित होने जा रहे अधिकांश छात्र—छात्राओं को अभी तक मार्कशीट नहीं मिल सकी है जिससे वह खासे निराश नजर आ रहे हैं।
विवि में दीक्षांत समारोह 11 अक्तूबर को होने जा रहा है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अलावा डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा भी होनहार विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने आ रहे हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विवि अधिकारी दिन—रात एक किए हुए हैं। बूुधवार को भी दिनभर समारोह की रिहर्सल की गई। समारोह में 122 होनहार छात्र—छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया जाएगा। हैरत की बात यह है कि इनमें से अधिकांश छात्र—छात्राओं के हाथ अभी तक मार्कशीट तक नहीं लगी हैं। सभी विद्यार्थी कई महीने से मूल अंकतालिका आने का इंतजार कर रहे हैं।
मेडल मिलेगा लेकिन माक्र्सशीट नहीं मिली
सबसे ज्यादा 18 मेडल पाने वाली एफएच मेडिकल कॉलेज, टूंडला की छात्रा आकांक्षा सिंह भी मार्कशीट न मिलने से काफी मायूस हैं। उनका कहना है कि अगर मेडल से पहले मार्कशीट मिल जातीं तो यह खुशी दोगुनी हो सकती थी। दरअसल, विवि प्रशासन जल्द परीक्षा कराकर और परीक्षा परिणाम घोषित कर अपनी पीठ भले ही थपथपा रहा हो लेकिन मार्कशीट वितरण में हो रही देरी का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। विवि प्रशासन की लापरवाही अब छात्रों के भविष्य पर भारी पड़ रही है। विवि में प्रवेश और नौकरियों के लिए आवेदन करने के लिए मूल अंकतालिका को ही वैध माना जाता है। विवि प्रशासन की गलती के कारण कई छात्रों का करियर दांव पर लग गया है। परेशान छात्र इस मामले को राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के समक्ष उठाने की बात कह रहे हैं।