आगरालीक्स… आगरा के डॉ भीमराव अंबेडकर विवि की मुख्य परीक्षाओं को लेकर असमंजस की स्थिति को स्पष्ट कर दिया गया है, विवि प्रशासन का कहना है कि सात मार्च से ही परीक्षाएं कराई जाएंगी। जो भी शिकायतें हैं उनका निस्तारण किया जा रहा है। अभी 806 कॉलेजों के लिए 450 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर पांच लाख से अधिक छात्र परीक्षाएं देंगे, छात्रों के प्रवेश पत्र विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।
आगरा के डॉ भीमराव आंबेडकर विवि की मुख्य परीक्षाएं सात मार्च से शुरू होनी है, छह मार्च तक परीक्षा केंद्रों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसके साथ ही छात्रों को प्रवेश पत्र भी नहीं मिले हैं। विवि प्रशासन द्वारा नकलविहीन परीक्षा कराने के दावे करते हुए सीसीटीवी युक्त अच्छी छवि के कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाने का दावा किया गया था लेकिन नोडल केंद्र से लेकर परीक्षा केंद्र भी दागी कॉलेजों को बना दिया गया है, इसके बाद से विवाद शुरू हो गया है। परीक्षा केंद्रों को लेकर तमाम आपत्ति आई हैं, इसमें से कुछ छात्रों की समस्याओं को लेकर हैं, छात्र छात्राओं के परीक्षा केंद्र 30 से 40 किलोमीटर दूर बना दिए गए हैं।
ये है परीक्षा कार्यक्रम
बीए बीएससी बीकॉम की परीक्षाएं सात मार्च से 28 अप्रैल तक तीन पालियों में होगी। जबकि एमए एमएससी एमकॉम की परीक्षाएं 19 मार्च से 27 अप्रैल तक होगी।
प्राइवेट छात्रों की अलग परीक्षा
इस बार प्राइवेट छात्रों की अलग परीक्षा होगी। प्राइवेट छात्रों की परीक्षाएं 17 मार्च से 27 अप्रैल तक चलेंगी।