आगरालीक्स… आगरा में डीजीपी ओपी सिंह से थाने की विवादास्पद नई बिल्डिंग का उद्घाटन कराया गया, बिल्डिंग को ध्वस्त करने के नोटिस से खलबली मची है। संरक्षित स्मारक सिकंदरा की चाहरदीवारी के पास बने आगरा के सिकंदरा थाने की नई बिल्डिंग के निर्माण के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण से अनुमति नहीं ली गई थी। थाने की बिल्डिंग को ध्वस्त करने के लिए एएसआइ महानिदेशक को पत्र भेजा है। वहां से अनुमति मिलते ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
आगरा दिल्ली नेशनल हाईवे को सिक्स लेन किया जा रहा है। इसके लिए संरक्षित स्मारक सिकंदरा के पास बने थाने को पीछे हटाया जाना था। सिकंदरा स्मारक के पास सिकंदरा थाने की नई बिल्डिंग बनाई गई, चार मार्च को आगरा आए डीजीपी ओपी सिंह से थाने की नई बिल्डिंग का उदघाटन भी करा दिया गया। उधर, एएसआइ के नियमों के अनुसार स्मारक के नजदीक निर्माण नहीं हो सकता। इसके लिए अनुमति ली जाती है लेकिन थाने की नई बिल्डिंग के निर्माण के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई।
एक साल पहले मुकदमा हो चुका है दर्ज
इसके बाद भी थाने का निर्माण कराए जाने पर एएसआइ ने थाना सिकंदरा में ही मार्च, 2017 में अवैध निर्माण की एफआइआर कराई थी। इसके बाद कई नोटिस भेजे गए, लेकिन पुलिस ने संज्ञान नहीं लिया। एएसआइ के महानिदेशक कार्यालय, दिल्ली से आए नोटिस का भी जवाब नहीं दिया गया। इसके ध्वस्तीकरण के लिए पिछले महीने ही महानिदेशक उषा शर्मा को एएसआइ के सर्किल ऑफिस से पत्र भेज दिया गया था। एएसआइ द्वारा इस अवैध निर्माण की जानकारी पूर्व में ही प्रशासन को दे दी गई थी। मीडिया से अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. भुवन विक्रम का कहना है कि संरक्षित स्मारक सिकंदरा के पास सिकंदरा थाने का निर्माण नियमविरुद्ध कराया गया है। महानिदेशक को इसके ध्वस्तीकरण के लिए पत्र भेजा जा चुका है। आदेश के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
4 मार्च को किया था उदघाटन
श्रीमान @dgpup महो0 ने आगरा ज़ोन की समीक्षा के दौरान
1-पुलिस लाइन परिसर में एक बहुद्देशीय हाल एवं सिकंदरा थाने के जीर्णोद्धार का लोकार्पण किया,
2-सभी वरि0 अधिकारियों के साथ का0व्यवस्था सुदृढ़ बनाये रखने हेतु मीटिंग की,
3-पत्रकार बंधुओं से संवाद कर उनके सवालों का उत्तर दिया गया। pic.twitter.com/63mDK0lkGp— ADG ZONE AGRA (@adgzoneagra) March 4, 2018