आगरालीक्स.. आगरा में ताजमहल की सुरक्षा में सेंध लगाने वाला ड्रोन मिल गया है, ड्रोन यमुना की तलहटी में पडा मिला, एक युवक ने ड्रोन को पुलिस को सौंपा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
27 दिसंबर को सुबह ताजमहल के रॉयल गेट पर ड्रोन दिखाई दिया था, यह कई मिनट तक रॉयल गेट पर मंडराता रहा, इसके बाद गायब हो गया। इसकी जानकारी होते ही सीआईएसएफ के अधिकारियों में खलबली मच गई। पुलिस भी ड्रोन की तलाश में जुटी रही, दक्षिणी गेट सहित ताजमहल के आस पास के क्षेत्र को खंगाला गया लेकिन ड्रोन नहीं मिला।
मेहताब बाग के पास यमुना में मिला ड्रोन
शुक्रवार को एक युवक ड्रोन को लेकर थाना एत्माउददौला पहुंचे, युवक ने पुलिस को बताया कि मेहताब बाग में यमुना की तलहटी में एक गडढे में ड्रोन पडा हुआ था, उसने ड्रोन को गडढे से निकाल लिया।
सुरक्षा में पहले भी सेंध लगा चुका है ड्रोन
ड्रोन से ताज की सुरक्षा में सेंध लगाने की यह पहली घटना नहीं है। पिछले साल ताज के पास एक सितारा होटल में ठहरे पर्यटक ने भी ड्रोन से फोटोग्राफी की थी। होटलों को अपने यहां ठहरने वाले पर्यटकों को ताज और उसके आसपास ड्रोन न उड़ाने देने के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए थे।
ताजमहल के पास नो फृलाई जोन
सुरक्षा के लिए ताजमहल नो फृलाई जोन है, किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि ताजमहल के आस पास दिखाई देने पर सुरक्षा में लगे सीआईएसएफ के जवान सक्रिय हो जाते हैं। ताजमहल पर पुलिस भी तैनात रहती है।
27 दिसंबर को कई घंटे चेकिंग
ताजमहल पर ड्रोन के उडने के बाद सीआईएसएफ और पुलिस ने कई घंटे तक आस पास के क्षेत्र में चेकिंग की थी, होटलों में ठहरे विदेशी पर्यटकों से भी पूछताछ की गई थी। मगर, ड्रोन के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली थी।