आगरालीक्स… आगरा में एक ड्राई क्लीनर को भारत के चैंपियन ट्रॉफी जीतने पर 5 दिन और पाकिस्तान के हारने पर एक दिन फ्री कपडों पर इस्तरी करने की घोषणा करने पर पाकिस्तान से मिली धमकी। ड्राई क्लीनर के पास आए इंटरनेट कॉल में खुद को पाकिस्तान का बताते हुए युवक ने भारत की टीमका समर्थन करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इस मामले में भारतीय टीम के प्रशंसक ने थाने में तहरीर दी है, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
चैंपियंस ट्रॉफी का रविवार को फाइनल होना है, इसमें पाकिस्तान पहले ही पहुंच चुका है। गुरुवार को सेमीफाइनल में भारत और बांग्लादेश की टीमों के बीच मुकाबला हो रहा है, इसमें जो भी टीम जीतेगी, वह 18 जून को पाकिस्तान के साथ फाइनल खेलेगी। इसे लेकर आगरा में भी क्रिकेट फैन उत्साहित हैं, आगरा के आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में प्रताप नगर चौराहे पर आज़ाद दिवाकर कपड़े पर इस्तरी का काम करते है। उन्होंने चैम्पियंस ट्रॉफी से 10 दिन पहले अपनी दुकान के सामने बैनर लगाया। इसमें आजाद ने भारत के ट्रॉफी जीतने पर पांच दिन लोगों के कपड़ों को फ्री में इस्तरी करने का एलान कर रखा है।
पाकिस्तान के हारने पर एक दिन फ्री इस्तरी
साथ ही पाकिस्तान के हारने पर एक दिन फ्री इस्तरी करने का बैनर लगा रखा है। क्रिकेट और देश के प्रति इस फैल की दीवानगी को देखकर बैनर के साथ उनकी फ़ोटो कुछ क्रिकेट प्रेमियों ने फेसबुक पर पोस्ट कर दी। इसके बाद आजाद के पास देश भर से बधाई के लिए फोन आने लगे। देखते ही देखते आजाद सोशल मीडिया पर छा गए।
रात को आया धमकी भरा फोन
गुरुवार को जगदीशपुरा थाने पहुंचे और उन्होंने पुलिस को बताया कि 13 जून की रात उनके पास एक इंटरनेट काल आई थी। फोन करने वाले ने खुद को पाकिस्तानी बताते हुए आज़ाद को भारतीय टीम का समर्थन करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद दहशत के चलते वे शिकायत करने आए हैं। आजाद की ओर से मामले में मिली तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फोन पर धमकी देने वाले की जानकारी के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।