आगरालीक्स ..आगरा में हेलमेट न पहनने, सीट बेल्ट न लगाने और यातायात के नियम तोडने पर ई चालान कटेगा, उसी समय जुर्माना भी ले लिया जाएगा, एटीएम कार्ड स्वैप कर भी जुर्माना दे सकते हैं।
आगरा में यातायात के नियमों को लेकर सख्ती की जा रही है, यातायात के नियम तोडने और हेलमेट ना लगाने पर सबसे ज्यादा चालान भी आगरा में हुए हैं। इसमें और तेजी के लिए ई चालान की सुविधा शुरू की गई है। थाना हरीपर्वत पर एसएसपी अमित पाठक ने ई चालान का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि ई चालान के लिए यातायात पुलिस कर्मियों को रसीद बुक लेकर चलने की जरूरत नहीं होगी। ई चालान के लिए दी गई ईसीडी मशीन एनआईसी की वेबसाइट से कनेक्ट रहेगी।
वाहन नंबर डालते ही आ जाएगा ब्योरा
ई चालान करते समय ईसीडी मशीन में वाहन संख्या डालते ही वाहन स्वामी, उसका पता सहित अन्य ब्योरा आ जाएगा। इसके बाद मशीन के माध्यम से ही ई चालान जनरेट किया जाएगा। मौके पर ही वाहन स्वामी शमन शुल्क जमा कर सकेंगे, कैश न होने पर वे डेबिट और क्रेडिट कार्ड स्वैप कराकर शमन शुल्क का भुगतान कर सकते हैं।
यातायात कर्मियों को दी गईं 33 मशीनें
पहले चरण में यातायात कर्मियों को 33 ईसीडी मशीन दी गई हैं, यह शहर के विभिन्न चौराहों पर तैनात यातायात कर्मियों को दी जाएंगी, वे इन मशीनों से ई चालान काटने के साथ शमन शुल्क भी जमा करा सकेंगे।
घर पहुंच रहे फोटो चालान
इसके साथ ही आगरा यातायात पुलिस द्वारा यातायात के नियम तोडने पर वाहनों के फोटो लिए जा रहे हैं, इससे फोटो युक्त चालान वाहन स्वामियों के घर भेजे जा रहे हैं।