आगरालीक्स…(29 July 2021 Agra News) आगरा सहित प्रदेश में बिजली की दरें बढ़ाने को लेकर लिया गया बड़ा निर्णय. उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने जारी किया टैरिफ आर्डर
चुनावी वर्ष में राहत
कोरोनाकाल में महंगाई से त्रस्त लोगों को प्रदेश सरकार इस चुनावी वर्ष में राहत देने का काम कर रही है. अब लोगों को सबसे बड़ी राहत दी गई है कि इस बार बिजली की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही इसकी घोषणा कर चुके थे, गुरुवार को उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने भी बिजली की दरें बढ़ाने के सभी कयासों को विराम देते हुए टैरिफ जारी कर दिया. प्रदेश में बिजली की दरें पूर्व की तरह ही रहेंगे. बता दें कि वर्ष 2020 में भी कोरोना के कारण बिजली की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी.
कंपनियों की सभी दलीलें की खारिज
कोविड-19 और बढ़ती महंगाई से परेशान प्रदेशवासियों को राहत देते हुए इस चुनावी वर्ष में बिजली और महंगी होने का झटका नहीं दिया है. उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने बिजली कंपनियों की सभी दलीलों को खारिज कर दिया और दरों को न बढ़ाने के फैसले को यथावत रखा. यही नहीं आयोग ने कंपनियों के 10-12 फीसद रेगुलेटरी सरचार्ज लगाए जाने और स्लैब परिवर्तन करने संबंधी प्रस्तावों को भी नहीं माना है. ऐसे में विद्युत उपभोक्ताओं की जेब पर कम से कम अगले वर्ष विधानसभा चुनाव तक तो किसी तरह का कोई अतिरिक्त बोझ पडऩे वाला नहीं है.