आगरालीक्स ….पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव में रिपोर्ट कार्ड और लोकप्रियता के आधार पर टिकट, आगरा में पूर्व विधायक ने भाजपा ज्वाइन की, टिकट की दावेदारी।
बुधवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय, लखनऊ में आगरा के खेरागढ़ से बसपा से दो बार विधायक रह चुके भगवान सिंह कुशवाह ने भाजपा ज्वाइन कर ली। प्रदेश कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह जोइनिंग कमेटी अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने पूर्व विधायक भगवान सिंह कुशवाह को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई।

खेरागढ़ सीट से भाजपा के महेश गोयल हैं विधायक
आगरा की सभी नौ विधानसभा सीटों पर भाजपा के विधायक हैं। इसमें से खेरागढ़ विधानसभा सीट पर भाजपा के महेश गोयल विधायक हैं। ऐसे में भगवान सिंह कुशवाह के भाजपा ज्वाइन करने से टिकट के लिए दावेदारी बढ़ गई है। इस सीट पर भाजपा से कई दावेदार हैं और भगवान सिंह कुशवाह के भाजपा ज्वाइन करने से सीट के लिए मुकाबला रोचक हो गया है।
जातिगत वोट बैंक और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर मिलेगी टिकट
भाजपा ने हर सीट के लिए सर्वे कराया गया। इसके बाद चार दावेदारों का बायोडाटा हाईकमान को भेजा गया है। इस सर्वे में वर्तमान विधायक की अपने क्षेत्र में लोकप्रियता और कराए गए कामों का आंकलन भी किया गया है। इसके साथ ही जातिगत वोट बैंक को भी आधार बनाया जा रहा है। खेरागढ़ सीट पर बसपा से भगवान सिंह कुशवाह दो बार विधायक रहे हैं, बसपा के वोट बैंक के साथ ही कुशवाह समाज का वोट भी भगवान सिंह कुशवाह को मिला है। बसपा ने भगवान सिंह कुशवाह को निष्कासित कर दिया था लेकिन जातिगत वोट बैंक को देखते हुए भगवान सिंह कुशवाह को भाजपा ने हरी झंडी दी है। अभी इस सीट पर टिकट किसे मिलेगी, यह निर्णय नहीं हुआ है।