आगरालीक्स.. आगरा में एक्सपायर दवाओं को बेचने वाले गैंग के सरगना प्रदीप, धीरज राजौरा और सौरभ शर्मा को पुलिस ने जेल भेज दिया। दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
आगरा में ड्रग डिपार्टमेंट और पुलिस की टीम ने आठ फरवरी को राजौरा डिस्ट्रीब्यूटर सिकंदरा पर छापा मारकर संचालक प्रदीप राजौरा और उसके भाई धीरज राजौरा को हिरासत में लिया था। इनकी एक्सपायर दवाओं को रीपैक करने वाले मेडेंस हेल्थकेयर मथुरा निवासी सौरभ शर्मा को मथुरा से पकडा था। इन तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है।
एक्सपायर दवाओं का बडा गैंग
राजौरा बंधु एक्सपायर दवाओं को रीपैक कर अस्पतालों और मेडिकल स्टोर पर बेच रहे थे, इनके द्वारा बडा गैंग संचालित किया जा रहा था। ड्रग डिपार्टमेंट और पुलिस की टीम गैंग में शामिल अन्य लोगों की धरपकड के प्रयास में जुटी हुई है।
दवाएं खरीदने वालों पर भी होगी कार्रवाई
ड्रग डिपार्टमेंट की टीम राजौरा बंधुओं से दवाएं खरीदने वालों का रिकार्ड तैयार कर रही हैं। इसमें डाक्टर, हास्पिटल संचालक, मेडिकल स्टोर और झोलाछाप हैं। ये सस्ती के चक्कर में एक्सपायर दवाएं खरीदकर मरीजों को दे रहे थे और मरीजों से मोटा मुनाफा कमा रहे थे। राजौरा बंधुओं से दवाएं खरीदने वालों पर भी ड्रग डिपार्टमेंट की टीम कार्रवाई करेगी।