आगरालीक्स.. आगरा की पॉश कॉलोनी में पानी भरकर इंजेक्शन तैयार करने वाली फैक्ट्री पकडी गई है, एक महिला सहित चार दवा माफिया सहित चार अरेस्ट कर लिए हैं और बडी मात्रा में नकली इंजेक्शन जब्त किया गया है।
औषधि निरीक्षक ब्रजेश यादव ने बताया कि पुलिस टीम के साथ निबोहरा थाना क्षेत्र के गांव झाल के पास वैगन आर कार संख्या यूपी 80 एके 3563 को पकड लिया। कार में बड़ी मात्र में एमीकासिन इंजेक्शन रखे हुए थे, इनकी कीमत करीब सात लाख रुपये है। पूछताछ में पुलिस को बताया कि आगरा के अमिता विहार कमला नगर निवासी अंबर प्रताप सिंह के घर से एमीकासिन इंजेक्शन के लिए वाइल, शीशी और सॉल्यूशन लेकर आए थे। दो एमएल सॉल्यूशन वाइल में भरकर बालाजी बायोटेक, लक्ष्मी नगर, दिल्ली और एरिया बायोटेक, हिमाचल प्रदेश की लेबल लगा देते थे। इस दो एमएल की वाइल पर 85 से 95 रुपये कीमत लिखी हुई थी।

इन्हें किया अरेस्ट
पुलिस ने अभिमन्यु चौहान निवासी यमुना बिहार कमला नगर, रामहरि और उसकी पत्नी शीतल शर्मा निवासी सहदपुर थाना निबोहरा और संतोष शर्मा निवासी तुलसीपुरा खंडेर, फतेहाबाद हाल निवासी राजपुर चुंगी आगरा को गिरफ्तार कर लिया है। इन पर धोखाधड़ी में मुकदमा दर्ज किया गया है। नकली एमीकासिन इंजेक्शन और कार को कब्जे में ले लिया है। इनके पास से खाली वाइल, इसे सील करने की मशीन और रैपर मिले हैं। आशंका है कि एमीकासिन इंजेक्शन में पानी भरा जा रहा था, इसके सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। सरगना अंबर प्रताप सिंह को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।