नईदिल्लीलीक्स… तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आज उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को छोड़कर पूरे देश में चक्का जाम कर रहे हैं। राजस्थान-हरियाणा के बीच शाहजहांपुर बॉर्डर पर किसानों ने जाम लगा रखा है। पंजाब के अमृतसर और मोहाली में किसान सड़कों पर बैठकर रास्ता जाम कर रहे हैं। जम्मू-पठानकोट हाईवे पर भी किसानों ने वाहनों का आवागमन रोक दिया है।
पूर्व घोषणा के अनुसार दोपहर 12 बजे से देशभर के राजमार्गों पर किसानों जगह-जगह जाम लगा दिया है, जो अपराह्न तीन बजे तक जारी रहेगा।
दिल्ली के 10 मेट्रो स्टेशन बंद
दिल्ली में आज किसान आंदोलन के मद्देनजर एहितयातन 10 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। इन मेट्रो स्टेशन में मंडी हाउस, आईटीओ, दिल्लीगेट, यूनिवर्सिटी, खान मार्केट, नेहरू प्लेस, लालकिला, जामा मस्जिद, जनपथ और केंद्रीय सचिवालय शामल हैं।
शांतिपूर्ण रहेगा प्रदर्शन
किसान संगठनों ने आज दावा किया है कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा एम्बुलेंस, स्कूल बसों जैसी जरूरी सेवाओं को रोका नहीं जायेगा। इस चक्का जाम अभियान में दिल्ली, एनसीआर, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को अलग रखा गया है। इस बारे में भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि दिल्ली में तो हर रोज जाम जैसे हालात रहते हैं। ऐसे में यहां जाम की क्या जरूरत है। टिकैत ने यह नहीं बताया कि कि यूपी और उत्तराखंड को जाम से अलग क्यों रखा गया है। बस इतना ही कहा कि इन दोनों राज्यों के किसानों को स्टैंडबाई पर रखा गया है। उन्हें किसी भी समय बुलाया जा सकता है।
दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई
दिल्ली पुलिस ने 26 जनवरी की हिंसक घटनाओं से सबक लेते हुए दिल्ली, एनसीआर में सीआरपीएफ की सभी यूनिटों को तैयार कर दिया गया है। दिल्ली में 50 हजार पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं।