पेड पर लटका मिला शव
गांव अरदाया के तेज सिंह के बेटे राजकुमार (45) पर गांव की एक महिला ने तीन दिन पहले छेड़खानी का आरोप लगाया था। छह अगस्त को अछनेरा थाने में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी मामले में शनिवार की शाम को पंचायत हुई। राजकुमार का पुलिस भर्ती में चयन हो गया था। इसको लेकर उसके घरवाले चाहते थे कि मुकदमा खत्म हो जाए वरना लड़के का कैरियर चौपट हो जाएगा। पंचायत में फैसला हुआ कि अगर आरोपी युवक पीड़िता और उसके घरवालों से सार्वजनिक रूप से माफी मांग लेगा तो मुकदमा वापस कराया जाएगा। लेकिन राजकुमार ने माफी मांगने से इनकार कर दिया। इसके बाद पंचायत खत्म हो गई। तेज सिंह गांव के बाहर स्थित अपने प्लाट पर सोने के लिए चले गए।
रविवार की सुबह तेज सिंह के परिवारीजन प्लाट पर पहुंचे तो उनका शव पेड़ पर फंदे से झूलता मिला। किसान के परिवारीजनों ने छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराने वाली महिला के परिवारीजनों पर हत्या का आरोप लगाया। गांव के विकलांग युवक लाखन ने देर रात को आरोपियों को प्लाट से बाहर निकलते देखा था। सूचना पर एसपीआरए बबीता साहू, सीओ अछनेरा विजय कुमार मौके पर पहुंचे।
इस मामले में मुकेश उर्फ लल्ला, नरेश उर्फ फौजी, बबलू और चंद्रवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हैंगिंग आया है। छानबीन की जा रही है। वहीं गांव में तनाव के चलते पुलिस बल तैनात किया गया है।
Leave a comment