आगरालीक्स…रात के समय संजय प्लेस में घूमती मिलीं तीन सहेलियां. पुलिस ने पूछा तो चौंकाने वाली बात सामने आई.
गुरुवार रात को आगरा के संजय प्लेस क्षेत्र में पुलिस को तीन लडकियां घूमती हुई दिखाई दीं. पुलिस को उन पर कुछ शक हुआ तो रोक लिया. पुलिस को सामने देख तीनों लडकियां डर गईं और उन्होंने पुलिस को चैंकाने वाली बात बताई. पुलिस तीनों को लेकर थाने ले आई. तीनों लडकियां प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर की रहने वाली हैं और तीनों सहेलियां हैं. मीडिया रिपोट्र्स के अनुसार इन्होंने पुलिस को बताया कि तीनों कोचिंग जाती हैं, और क्लास 8 की स्टूडेंट हैं. उन्होंने बताया कि कोचिंग जाते समय कुछ युवक इनका पीछा करते हैं और छेडछाड करते हैं. तीनों इस बात से काफी परेशान थी.
परिजनों ने तीनों को ही डांटा
जब बात ज्यादा आगे बढने लगीं तो तीनों ने इसकी जानकारी अपने-अपने परिजनों को दी लेकिन लडकियों के अनुसार तीनों के परिजनों ने इन्हें खुद को ही डांट दिया. इस पर तीनों गुस्सा हो गईं और तीनों गुरुवार सुबह कोचिंग निकलते समय बस में सवार होकर आगरा पहुंच गईं. दोपहर दो बजे आगरा आने के बाद शाम तक इनके पास जितने पैसे थे वो खत्म हो गए. रात आठ बजे पुलिस ने इन्हें घूमते हुए देख लिया और थाने ले आई. पुलिस ने इसकी जानकारी इनके परिजनों को दी जो कि देर रात थाना हरीपर्वत पहुंचे और तीनों को यहां से अपने साथ ले गए. पुलिस ने छेडछाड से संबंधित शिकायत गौतमबुद्ध नगर पुलिस को भी दी है, जो कि आरोपी युवकों पर कार्रवाई करेगी.