आगरालीक्स…अश्विन, बुमराह और यादव की शानदार बाॅलिंग से बैकफुट पर आस्ट्रेलिया. पहली पारी में टीम इंडिया को 50 से ज्यादा रनों की मिली बढत.
भारत और आॅस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही बाॅर्डर-गावस्कर ट्राॅफी के पहले टेस्ट के दूसरे दिन टीम इंडिया ने आॅस्ट्रेलिया को बैकफुट पर धकेल दिया है. भारत ने पहली पारी में कल के स्कोर में सिर्फ 11 रनों का इजाफा किया और 244 रन पर आॅलआउट हो गई, जवाब में खेलने उतरी आॅस्ट्रेलिया की टीम भारत की शानदार गेंदबाजी के आगे सिर्फ 191 रन ही बना सकी. भारत की ओर से अश्विन ने 4 विकेट, उमेश यादव ने तीन और बुमराह ने दो विकेट लिए.
11 रन पर ही जोड सकी टीम इंडिया
पहले दिन छह विकेट पर 233 रनों के आगे खेलने उतरी टीम इंडिया दूसरे दिन सिर्फ 11 रन ही जोड सकी. पेट कमिंस ने दो और स्टार्क ने दो विकेट लेकर टीम इंडिया को 244 रनों पर ही रोक दिया. इसके बाद अपनी पहली पारी खेलने उतरी आॅस्ट्रेलिया की शुरुआत काफी धीमी रही. उमेश यादव और बुमराह ने शानदार गेंदबाजी कर आॅस्ट्रेलियाई खिलाडियों को परेशान कर रखा. भारत को पहली सफलता बुमराह ने दिलाई. उन्होंने सलामी बल्लेबाज मैथ्यु वेड को 8 रन पर ही चलता कर दिया. थोडी देर में ही बुमराह ने जो बन्र्स को भी अपना शिकार बना लिया और उन्हें 8 रन के ही निजी स्कोर पर पगबाधा कर दिया. इसके बाद अश्विन ने स्मिथ को एक रन, ट्रेविस हेड को 7 रन और कैमरून ग्रीन को 11 रनों के स्कोर पर आउट किया.
47 रन बनाकर मार्नस लबुशेंज उमेश यादव के शिकार बने. इसके थोडी देर बाद ही उमेश यादव ने पेट कमिंस को 0 पर चलता किया. आॅस्ट्रेलिया का आठवां विकेट स्टार्क के रूप में गिरा वह रन आउट हुए. अश्विन ने अपना चैथा विकेट नाॅथन लियोन को कप्तान कोहली के हाथों कैच कराकर लिया. आॅस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन ने तेजी से रन बनाए और वह अंत तक 73 रन बनाकर नाबाद रहे. आॅस्ट्रेलिया का अंतिम विकेट उमेश यादव ने लिया. उन्होंने हैजलवुड को चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच कराकर 191 रन पर आॅलआउट कर दिया.
पृथ्वी शाॅ फिर हुए बोल्ड
53 रन की लीड लेकर अपनी दूसरी पारी शुरू करने उतरी टीम इंडिया को पहला झटका पृथ्वी शाॅ के रूप में लगा. वह पेट कमिंस की शानदार गेंद पर 4 रन बनाकर बोल्ड हो गए. पृथ्वी शाॅ पहली पारी में भी बोल्ड हुए थे.