आगरालीक्स …आगरा में आईएसबीटी के सामने बन रहे फ्लाईओवर के गार्डर में फंसने से कलेक्ट्रेट के कर्मचारी की दर्दनाक मौत के मामले में मुकदमा दर्ज। तहरीर में एनएचएआई के अधिकारियों कर्मचारियों और ठेकेदार पर लापरवाही के लगाए आरोप। हालांकि पुलिस ने अभी अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया है।
आगरा में आईएसबीटी के सामने फ्लाईओवर बन रहा है,28 नवंबर की शाम छह बजे सिकंदरा से खंदारी की तरफ बाइक से कलेक्ट्रेट के कर्मचारी आशीर्वाद धाम कॉलोनी नगला मियां, हाथरस निवासी संजय सिंह जा रहे थे। वे अंधेरे के चलते निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर बाइक से चढ़ गए, बाइक तेज स्पीड में थी, फ्लाईओवर का बीच का हिस्सा नहीं बना था और गार्डर पड़े हुए थे। उनकी बाइक गार्डर से टकराई, वे गार्डर में ही फंस गए। करीब एक घंटे बाद शव को निकाला जा सका।

संजय की पत्नी की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
इस मामले में संजय की पत्नी मोनिका ने थाना न्यू आगरा में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि अधूरे फ्लाईओवर पर कोई अवरोध नहीं लगाया गया था, एनएचएआई के अधिकारी, कर्मचारी और ठेकेदार ने रास्ता बंद नहीं किया था। इससे हादसा हो गया, हादसे के लिए एनएचएआई के अधिकारी, कर्मचारी और ठेकेदार जिम्मेदार है।