आगरालीक्स… आगरा में केनरा बैंक के मैनेजर पर मुकदमा, केनरा बैंक से चार फर्जी चेक से एक खाते से 50.70 लाख रुपये निकालने पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आगरा के सदर बाजार स्थित केनरा बैंक की शाखा में एमईएस में कार्यरत उमेश चंद्र और पत्नी मंजू का ज्वाइंट एकाउंट है, उनके बेटे ग्रेटर नोएडा निवासी गौरव कुमार ने मीडिया को बताया कि पिता के सेवानिवृत्त होने के बाद पेंशन और पीएफ का पैसा खाते में जमा थे। पिता की मृत्यु के बाद मां गौरव के साथ नोएडा में रहती हैं। 15 दिसंबर 2018 को मंजू देवी ने 50 हजार रुपये निकालने के लिए सेक्टर 63 स्थित केनरा बैंक की शाखा में चेक लगाया। उन्हें बताया गया कि एकाउंट में पैसे नहीं है, इस पर बैलेंस चेक किया। इसमें 8591 रुपये ही थे। बैंक में पूछताछ पर सामने आया कि चार चेक लगाकर खातों से 50.70 लाख रुपये निकाले लिए गए थे।
चार चेक से निकाले रुपये
15 अक्तूबर 2018 को 15 लाख, 16 अक्तूबर 2018 को 20 लाख, 22 अक्तूबर 2018 को 15 लाख 20 हजार और 13 नवंबर 2018 को 50 हजार रुपये निकाले गए हैं। गौरव का कहना है कि मूल चेक उनके पास ही हैं। रकम निकालने के लिए चेक पर फर्जी हस्ताक्षर किए गए, जो बैंक कर्मियों की मिलीभगत के बिना पास नहीं हो सकते थे। इसमें बैंक मैनेजर उमेश कुमार प्रजापति की मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने बैंक मैनेजर और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।