आगरालीक्स.. आगरा में मां और दो बेटियों की बाथरुम में मौत के मामला में नया मोड आ गया है, मां और बेटियों की मौत को हादसा मान रहे थे लेकिन अब हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
शाहगंज के पांडव नगर निवासी कपड़ा कारोबारी रोहित धूपर के घर में 24 फरवरी को दिल दहला देने वाली घटना हुई। उनकी पत्नी 38 वर्षीय ऋतु, बेटी छह वर्षीय सचिका और तीन वर्षीय कायरा के शव बाथरूम में नहाने की स्थिति में पड़े थे। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे गैस गीजर से निकली जहरीली गैस से मौत का मामला मान रही थी। मगर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट नहीं हुई। इसके बाद परिजनों का भी शक बढ़ता गया। अब ऋतु के भाई करहल निवासी डॉ. अनुज छावड़ा ने शाहगंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें उन्होंने कहा है कि बहन और भांजियों के शव घर में पड़े मिले थे। यह न तो हादसा लग रहा है और न ही खुदकशी। उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।
बिसरा की रिपोर्ट का इंतजार
इंस्पेक्टर शाहगंज राजेश्वर त्यागी ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह पता न चलने पर मां बेटियों का बिसरा जांच को फोरेंसिक लैब भेजा गया है। अभी तक इसकी रिपोर्ट नहीं आई है। इसमें समय लग सकता है।