फिरोजाबादलीक्स…माता पिता के साथ वाटर पार्क में नहाने गया 8 साल के बच्चे की पूल में डूबने से मौत. चीखते चिल्लाते रह गए माता पिता. आरोप, नहीं मिली कोई मदद.
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले से दुखदभरी खबर आई है. माता पिता के साथ वाटर पार्क नहाने गए एक 8 साल के बच्चे की पूल में डूबने से मौत हो गई. मां बाप के सामने ही उनका इकलौता बेटा डूब गया, दोनेां चीखते चिल्लाते रह गए. आरोप है कि उनकी मदद को कोई नहीं आया. मां ने खुद बच्चे को पूल से किसी तरह बाहर निकाला और अस्पताल लेकर भागे. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. आज सोमवार सुबह बच्चे का अंतिम संस्कार परिजनों ने कर दिया.
जानें क्या है मामला
लाइनपार के रामनगर पुलिस चौकी के पास सतीश वाष्र्णेय रहते हैं. घर में पत्नी पूजा और 8 साल का इकलौता बेटा हर्ष था. रविवार शाम को सतीश अपनी पत्नी पूजा और बेटे हर्ष व दोस्तों के साथ सांती रोड स्थित वाटर पार्क में नहाने के लिए गए थे. रात 8 बजे करीब वहां बच्चों के पूल में नहाते समय हर्ष डूब गया. जब इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो माता पिता ने शोर मचाते हुए तलाश शुरू की. आरोप है कि दोनों चीखते चिल्लाते रह गए लेकिन कोई मदद नहीं मिली. बेटे की तलाश के लिए कोई कर्मचारी नहीं आया. 10 मिनट बाद मां पूजा खुद ही पूल में चली गई और किसी तरह बेटे को पूल से बाहर निकाला. आनन फानन में उसे सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सोमवार सुबह परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया.