आगरालीक्स… आगरा में ताज पूर्वी गेट से आईएसबीटी तक इसी महीने चलेगी मेट्रो. पांच नये स्टेशन तैयार, बस उद्घाटन की डेट का इंतजार. जानें किराया और रूट।
आगरा मेट्रो के 14 किलोमीटर लंबे पहले कॉरिडोर में ताजमहल पूर्वी गेट से श्री मनकामेश्वर मंदिर यानी बिजलीघर चौराहे तक मेट्रो का संचालन हो रहा है। बिजलीघर से एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आरबीएस कॉलेज और आईएसबीटी तक मेट्रो का काम पूरा हो चुका है। ये पांचों स्टेशन पूरी तरह से तैयार हैं। इनमें आईएसबीटी को छोड़कर बाकी सभी स्टेशन अंडरग्राउंड हैं। हाइवे पर मेट्रो ऐलिवेटेड है और आईएसबीटी स्टेशन ऐलिवेटेड है।
इसी महीने शुरू हो सकती है आईएसबीटी तक मेट्रो
बिजलीघर से आईएसबीटी तक पांच नये स्टेशन पूरी तरह से तैयार हैं। बस शासन से इसके शुभारंभ की तारीख का इंतजार किया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसी महीने 20 से 25 अगस्त तक आईएसबीटी तक मेट्रो का संचालन शुरू हो जाएगा। वहीं इसके आगे के दो स्टेशन गुरु का ताल और सिकंदरा के दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है।
हर तीन मिनट में मिलेगी मेट्रो
ताजमहल पूर्वी गेट से सिकंदरा तक 14 किलोमीटर लंबे मेट्रो ट्रैक में 13 स्टेशन हैं। ताजमहल पूर्वी गेट से श्री मनकामेश्वर मंदिर तक छह मेट्रो स्टेशन हैं, बिजलीघर से आईएसबीटी तक पांच मेट्रो स्टेशन हैं। 11 मेट्रो स्टेशन तैयार हो चुके हैं। अब गुरु द्वारा गुरु का ताल और सिकंदरा मेट्रो स्टेशन का निर्माण पूरा होना है।आईएसबीटी से ताजमहल पूर्वी गेट तक 10 से अधिक मेट्रो चलेंगी, जिससे हर दो से तीन मिनट में मेट्रो मिल सकेगी। आईएसबीटी से ताजमहल पूर्वी गेट से मेट्रो का किराया 40 रुपये है। पहुंचने में 24 मिनट लगेगी।
मेट्रो का किराया
एक स्टेशन तक 10 रुपये
दो स्टेशन तक 15 रुपये
तीन से छह स्टेशन तक 20
सात से नौ स्टेशन तक 30 रुपये
10 से 13 स्टेशन तक 40 रुपये।