एटालीक्स…अलीगंज (एटा) के व्यापारी परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे गया दिल्ली विवेक विहार अग्निकांड. बेटी, दामाद सहित पांच की मौत…शोक में डूबा कस्बा
दिल्ली के विवेक विहार में एसी फटने से बिल्डिंग में हुए अग्निकांड में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई लेकिन एटा के एक व्यापारी के परिवार पर यह किसी सदमे से कम नहीं है. उनका एक हंसता खेलता पूरा परिवार इस अग्निकांड की भेंट चढ़ गया.अलीगंज में कस्बा व्यवसायी प्रतापचंद्र जैन रहते हैं. इनकी बेटी सहित पांच लोगों की इस हादसे में मौत हुई है. जब यह खबर कस्बा पहुंची तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया. तमाम व्यवसायी घर पर जुट गए और हर कोई शोक में नजर आया. मुहल्ला राधाकिशन के रहने वाले प्रतापचंद्र जैन की बेटी अनीता का विवाह दिल्ली में किराने का व्यवसाय करने वाले अरविंद जैन से हुआ था. पूरा परिवार विवेक विहार की एक चार मंजिला इमारत में रहता था. तीन मई को एसी फटने से हुए हादसे में अनीता, उनके पति अरविंद जैन, बेटा निशंत जैन, बहू आंचल जैन और पौत्र आकाश जैन की मौत हो गई. इस घटना ने हर किसी को सन्न कर दिया. प्रतापचंद जैन और उनके परिवार का रो रोकर बुरा हाल है.