आगरालीक्स…(13 November 2021 Agra News) आगरा की रेनू अब मुस्कुराने लगी है. स्तन कैंसर के दर्द से जूझ रही थी रेनू, लॉकडाउन में पति की नौकरी तक छूट गई. इस हॉस्पिटल ने किया फ्री आपरेशन..
डाक्टर ने दूर कर दिया स्तन कैंसर का दर्द
लॉकडाउन में पति की नौकरी छूट गई, रेनू स्तन कैंसर का दर्द सहती रही। दर्द बढ़ता गया, नवदीप हॉस्पिटल, साकेत कॉलोनी में दिखाने पर रेनू के स्तन कैंसर डायग्नोज हुआ। मगर, आपरेशन के लिए पैसों का बंदोबस्त नहीं था। हॉस्पिटल के निदेशक व सेल्सा अध्यक्ष डॉ. सुनील शर्मा ने रेनू का निशुल्क आपरेशन कराया, अब वह ठीक है और मुस्कुरा रही है। शनिवार को आपरेशन करने वाली टीम को नवदीप हॉस्पिटल में सम्मानित किया गया।
नवदीप हॉस्पिटल में हुआ निशुल्क आपरेशन
अछनेरा निवासी 39 साल की रेनू के पति मदन लाल की लॉकडाउन में नौकरी छूट गई। उसके बाएं तरफ के स्तन में कैंसर की गांठ थी, दर्द बढ़ता गया। आर्थिक तंगी के चलते डॉक्टर को नहीं दिखाया। तीन सप्ताह पहले नवदीप हॉस्पिटल, साकेत कॉलोनी में वरिष्ठ सर्जन डॉक्टर सुनील शर्मा को दिखाया। स्तन कैंसर डायग्नोज हुआ, परिजनों ने बताया कि आपरेशन के लिए पैसों का बंदोबस्त नहीं है। यह कहते हुए रेनू की आंखें नम हो गईं और गला भर्रा गया, डॉ. सुनील शर्मा ने हौसला बढ़ाया, कहा आपरेशन की चिंता अब तुम्हें नहीं करनी हैं। शुक्रवार को नवदीप हॉस्पिटल में कैंसर सर्जन डा. वरुण अग्रवाल और एनेस्थेसिस्ट डॉ. अपूर्व मित्तल ने स्तन कैंसर का आपरेशन किया। आपरेशन के बाद अब वह ठीक है। यह ऑपरेशन आगरा विकास मंच के कैन्सर प्रकोष्ठ की देख रेख में हुआ।
टीम में ये रहे मौजूद
यहां आयोजित कार्यक्रम में एसएन मेडिकल कॉलेज की कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरभि गुप्ता ने रेडियोथैरेपी और दवाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। एसएन के माइक्रोबायोलाजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अंकुर गोयल, आगरा विकास मंच के कैंसर प्रकोष्ठ के चेयरमैन डॉ. सुनील शर्मा, आगरा विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन, संयोजक सुनील जैन, वरिष्ठस्त्री रोग विशेषज्ञ डाक्टर अनुपमा शर्मा , सुशील जैन, प्रवक्ता संदेश जैन आदि मौजूद रहे।