आगरालीक्स…आगरा में किराना स्टोर, डिपार्टमेंटल स्टोर, सुपर मार्केट, रिटेल प्रतिष्ठानों पर पहुंची एफएसडीए की टीमें. जन्माष्टमी को लेकर कूटू का आटा, सिंगाड़ा आटा, बादाम गिरी, सेंधा नमक, साबूदाना के 35 नमूने जांच के लिए भेजे…
जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, आगरा द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम हेतु विशेष प्रवर्तन एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत विभिन्न किराना स्टोर, डिपार्टमेंटल स्टोर, सुपर मार्केट, रिटेल प्रतिष्ठानों, ऑनलाइन खाद्य आपूर्ति केंद्रों एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण करते हुए कुल 35 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
अभियान के अंतर्गत हरेंद्र बाबू किराना स्टोर, फतेहाबाद से बादाम गिरी एवं सेंधा नमक तथा जवारेवा किराना स्टोर, फतेहाबाद से देसी घी एवं किशमिश के नमूने संग्रहित किए गए। रिलायंस रिटेल लिमिटेड, स्मार्ट बाजार, कॉसमॉस मॉल से किशमिश, पास्ता, मेथी दाना, मूंगफली एवं सरसों के तेल के नमूने लिए गए। एयरप्लाजा रिटेल होल्डिंग लिमिटेड से साबूदाना एवं मखाना तथा रिलायंस रिटेल लिमिटेड से स्वीटेंड कंडेंस्ड मिल्क, सेंधा नमक, मूंगफली एवं साबूदाना* के नमूने संग्रहित किए गए। ओम गौतम पुत्र लोकेश गौतम, बालूगंज के प्रतिष्ठान से किशमिश, सिंघाड़ा आटा एवं साबूदाना तथा खाटू श्याम प्रोविजन स्टोर से कुट्टू मिगी एवं मखाना के नमूने लिए गए।

ZEPTO PVT. LTD., नामनेर से बादाम, नमक, खजूर, मखाना के 02 नमूने, घी, कुट्टू का आटा एवं सूजी के कुल 08 नमूने संग्रहित किए गए। इसके अतिरिक्त खाटू वाला डिपार्टमेंटल स्टोर, कमला नगर से साबूदाना एवं मूंगफली दाना के एक-एक नमूने लिए गए। NTEX Transportation Services Pvt. Ltd. (Big Basket), भोगीपुरा, अलबतिया से कुट्टू का आटा, सेंधा नमक, राजगीरा आटा एवं मखाना के कुल 04 नमूने तथा टीटू किराना स्टोर, इमलाबाड़ा, फतेहपुर सीकरी से सरसों के तेल का एक नमूना संग्रहित किया गया।
इसके साथ ही IGRS पर प्राप्त शिकायतों के क्रम में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बफाती बिरयानी, राधे वाली गली, शिव नगर, आगरा का निरीक्षण कर बिरयानी का नमूना तथा मोहम्मद अनस पुत्र मोहम्मद इलियास, क्वालिटी रेस्टोरेंट, लाल किला के सामने, अमर सिंह गेट के प्रतिष्ठान से अरहर की दाल का नमूना संग्रहित किया गया। सभी नमूनों को नियमानुसार खाद्य प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत रिपोर्ट में पाए गए तथ्यों के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अधीन बनाए गए नियमों एवं विनियमों के अंतर्गत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

विभाग द्वारा जन्माष्टमी पर्व के दौरान विशेष रूप से कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, मखाना, सेंधा नमक, राजगीरा आटा, घी, दूध एवं दुग्ध उत्पाद, सूखे मेवे, तेल एवं अन्य व्रत एवं सामान्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखी जा रही है। खाद्य पदार्थों में मिलावट, मिथ्याछाप, अमानकता अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।