आगरालीक्स… मथुरा में हाथी पर योग करते समय बाबा रामदेव गिर गए थे, आगरा के पांच अधिवक्ताओं ने इसे पशु क्रूरता मानते हुए बाबा रामदेव और हाथी रेस्क्यू सेंटर के निदेशक नोटिस भेजा है। सात दिन का समय दिया है। इसमें सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
मथुरा के रमणरेती के आश्रम में बाबा रामदेव ने हाथी पर योग किया, हाथी के अंगडाई लेने पर बाबा रामदेव गिर गए थे, इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस मामले में आगरा के अधिवक्ता नरेंद्र शर्मा,एसपी भारद्वाज, गगन शर्मा, राजवीर सिंह, राखी चौहान ने संयुक्त रूप से बाबा रामदेव और हाथी रेस्क्यू सेंटर चुरमुरा, मथुरा को नोटिस भेजा है। इसमें कहा गया है कि पंतजलि योग पीठ के संस्थापक योग गुरु बाबा रामदेव की योग क्रियाओं का लाखों लोग अनुसरण करते हैं, योग गुरु ने बेजुबान एवं धर्म के प्रतीक के रूप में स्थान रखने वाले जीव पर योग कर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन किया है, इस उल्लंघन में सजा और जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने बाबा रामदेव के साथ ही हाथी रेस्क्यू सेंटर चुरमुरा के निदेशक को नोटिस भेजकर सात दिन में जवाब देने के लिए कहा है।